के.डी. नर्सिंग कॉलेज एण्ड पैरा मेडिकल साइंस में स्पर्धा का शानदार आगाज

स्वस्थ तन-मन के लिए खेलना बहुत जरूरीः डॉ. आर.के. अशोका

आजाद और शिवाजी टीमों ने जीते रस्साकशी के खिताब

खेलपथ संवाद

मथुरा। खेल हमारे जीवन का आवश्यक हिस्सा हैं। स्वस्थ शरीर और दिमाग को विकसित करने के लिए खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से जहां हमारा शरीर सुगठित होता है वहीं मन भी तरोताजा रहता है लिहाजा है प्रत्येक छात्र-छात्रा को प्रतिदिन कुछ समय खेलों को अवश्य देना चाहिए। यह सारगर्भित बातें मुख्य अतिथि के.डी. मेडिकल कॉलेज के डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने के.डी. नर्सिंग कॉलेज एण्ड पैरा मेडिकल साइंस में स्पर्धा 2023-24 के शुभारम्भ अवसर पर छात्र-छात्राओं को बताईं।

सोमवार को राष्ट्रगान के साथ के.डी. नर्सिंग कॉलेज एण्ड पैरा मेडिकल साइंस में चार दिवसीय स्पर्धा 2023-34 का हर्षोल्लास के साथ शुभारम्भ किया गया। आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल और प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में छात्र-छात्राओं से खेलभावना के साथ खेलने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अशोका ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर हमारे दैनिक कार्यों को पूरा करने में मदद करता है। स्वस्थ रहने का अर्थ रोगरहित तन का होना ही नहीं बल्कि तनावमुक्त मन का होना भी है। शरीर और मन दोनों की स्वस्थता जीवन में सफलता के साथ आनंदमय जीवन जीने का सूत्र है।

के.डी. नर्सिंग कॉलेज एण्ड पैरा मेडिकल साइंस के प्राचार्य डॉ. शिवराज सिंह त्यागी ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की चिन्ता है। वह चाहता है कि स्वस्थ रहकर जीवन बिताए। स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम, योग, प्राणायाम, संतुलित पोषक-आहार आदि तो महत्वपूर्ण घटक हैं ही, इसके अलावा खेल भी बहुत महत्वपूर्ण है। जीवन में खेलकूद का भी उतना ही महत्व है, जितना कि पढ़ाई-लिखाई का। खेलकूद न केवल छात्र-छात्राओं का मनोरंजन करते हैं अपितु उनके स्वास्थ्य को भी उत्तम बनाते हैं। यदि बच्चे प्रसन्न और स्वस्थ रहेंगे तो पढ़ाई-लिखाई की ओर भी ध्यान देंगे। उप-प्राचार्य सुधा गौतम ने छात्र-छात्राओं से खेलभावना के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में शिरकत करने का आह्वान किया। स्पोर्ट्स आफीसर डॉ. सोनू शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि चार दिवसीय स्पर्धा में छात्र-छात्राएं न केवल खेलभावना के साथ खेलें बल्कि अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से एक आदर्श स्थापित करें।

चार दिवसीय स्पर्धा 2023-24 के बेहतर तरीके से संचालन के लिए चार ग्रुप बनाए गए हैं। सुभाषचंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, शिवाजी तथा भगत सिंह ग्रुपों के बीच पहले ही दिन शानदार खेल कौशल देखने को मिला। स्पर्धा का आगाज रस्साकशी प्रतियोगिता से हुआ। रस्साकशी का खिताब बालक वर्ग में चंद्रशेखर आजाद ग्रुप ने सुभाषचंद्र बोस टीम को पराजित कर जीता वहीं बालिका वर्ग में शिवाजी टीम चैम्पियन रही। फाइनल में शिवाजी टीम ने  सुभाषचंद्र बोस टीम को पराजित किया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में क्रिकेट, शतरंज, वॉलीबाल, टेबल टेनिस तथा एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं सम्पन्न होंगी। प्राचार्य डॉ. शिवराज सिंह त्यागी ने कहा कि प्रतियोगिता का समापन और पारितोषिक वितरण 11 जनवरी को किया जाएगा।

प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए खेलों के जानकारों डॉ. सोनू शर्मा, लोकेश शर्मा, लक्ष्मीकांत चौधरी, निशांत शर्मा के साथ ही कॉलेज के प्राध्यापकों गौरव त्यागी, विनोद चौधरी, प्रीति मिश्रा, सत्येन्द्र चौधरी, अजय शर्मा, हेमंत शर्मा, नैंसी, नरेन्द्र गोस्वामी, अजीत प्रताप सिंह, मधू, कन्हैया, अभय, गुंजन, राजेश कुमार आदि को विभिन्न जवाबदेही सौंपी गई हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स