उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा

राष्ट्रीय खेलों में पदकों की संख्या 22 पहुंचाई
खेलपथ संवाद
देहरादून।
गोवा में चल रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अब तक तीन स्वर्ण सहित कुल 22 पदक जीते हैं। महाराष्ट्र फिलहाल 70 स्वर्ण, 64 रजत और 69 कांस्य समेत 203 पदकों के साथ राष्ट्रीय खेल 2023 मेडल सूची में शीर्ष पर है।  
गुजरात में आयोजित हुए 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने कुल 18 पदक जीते थे, उसमें एक स्वर्ण, आठ रजत व नौ कांस्य पदक शामिल थे। इस बार अब तक उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, छह रजत तथा 13 कांस्य पदकों के साथ कुल 22 पदक जीते हैं। गौरतलब यह कि उत्तराखंड ही अगले साल 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा।
37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के 240 खिलाड़ियों ने क्याकिंग-कैनो, साइकिलिंग, वुशू, जूडो, बॉक्सिंग समेत 25 खेलों में भाग लिया है। अभी तक उत्तराखंड ने तीन स्वर्ण, छह रजत तथा 13 कांस्य पदक हासिल कर लिए हैं। उत्तराखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह ने बताया कि गुजरात में हुए राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को सिर्फ 18 पदक मिले थे। गोवा नेशनल गेम्स में 22 पदक हो चुके हैं, अभी और पदक आने की उम्मीद है। 
अभी तक पेंचक सिलाट और एथलेटिक्स खेल में प्रदेश की झोली में तीन स्वर्ण पदक गिरे हैं। वहीं बैडमिंटन, ताइक्वांडो, कयाकिंग-कैनो, एथलेटिक्स व जूडो में पांच रजत पदक आ चुके हैं। इसके साथ ही ताइक्वांडो, वुशू, जिम्नास्टिक समेत अन्य खेलों में 11 कांस्य पदक हासिल कर लिए हैं। बताया कि 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की 26वीं पोजीशन थी वहीं 37वें राष्ट्रीय खेलों में 24वीं पोजीशन हो चुकी है। 
जिस खेल के सबसे अधिक खिलाड़ी, उसी के पदक नहीं जुड़ेंगे  
उत्तराखंड की टीम में मिनी गोल्फ खेल में सबसे अधिक 20 खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन इसी खेल के पदक उत्तराखंड की तालिका में नहीं जोड़े जाएंगे। दरअसल, राष्ट्रीय खेलों में पहली बार शामिल हुए मिनी गोल्फ को सिर्फ प्रदर्शनी खेल में रखा गया है। टीम ने मिनी गोल्फ में एक स्वर्ण समेत दो कांस्य पदक हासिल किए हैं। लेकिन उत्तराखंड की पदक तालिका में इन्हें शामिल नहीं किया गया। यूओए के महासचिव डॉ. डीके सिंह ने कहा कि मेडल आने पर जब इन पदकों को काउंट नहीं किया गया तो इस पर एनजीसी से पूछा गया, उनसे पता चला की यह सिर्फ प्रदर्शनी खेल है।

रिलेटेड पोस्ट्स