यूपी का राष्ट्रीय खेलों की वुशू स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन

दो स्वर्ण, सात रजत समेत 14 पदक जीते
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
गोवा में चल रहे राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश 10 स्वर्ण सहित कुल 49 पदक जीतकर मेडल सूची में बेशक दसवें स्थान पर हो लेकिन प्रदेश के वुशू खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, सात रजत समेत 14 पदक जीतकर अपना कौशल दिखाया। उत्तर प्रदेश अबकी बार सौ के पार लक्ष्य को लेकर राष्ट्रीय खेलों में उतरा है। 
उत्तर प्रदेश के संतोष कुमार मिश्रा और छवि ने गोवा में आयोजित 37 राष्ट्रीय खेलों में चीनी मार्शल आर्ट वुशू की स्पर्धा में कड़ी चुनौती पेश करते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। इन खेलों में प्रदेश ने वुशू में 2 स्वर्ण, 7 रजत व 5 कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक अपने नाम करते हुए प्रदेश का परचम लहराया। संतोष कुमार मिश्रा ने पुरुष सांडा 48 किलोग्राम भारवर्ग में और छवि ने महिला सांडा 48 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
खिलाड़ियों की इस सफलता से प्रफुल्लित उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने हर्ष जताते हुए कहा कि प्रदेश के वुशू खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने पदक विजेताओं से कहा कि आप लोग ऐसे ही प्रदेश का परचम लहराते रहें। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के उप दलनायक (डिप्टी चीफ डि मिशन) प्रमोद कुमार और उत्तर प्रदेश वुशू संघ के अध्यक्ष सुहैल अहमद ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश वुशू संघ के महासचिव मनीष कक्कड़ ने भी अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि यह इन खेलों में वुशू में उत्तर प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने एक स्वर्ण व एक कांस्य पदक जीता था।
बात अगर उत्तर प्रदेश के अन्य पदक विजेताओं की करें तो इन खेलों में अभिषेक बालियान ने पुरुष सांडा 75 किलोग्राम, ज्योति ने महिला सांडा 48 किलोग्राम, मनीषा भाटी ने महिला सांडा 52 किलोग्राम, नीलन छपराना ने महिला सांडा 65 किलोग्राम, शिवानी ने महिला सांडा 70 किलोग्राम, भानु सिंह ने पुरुष ताउलू कियानशु और रवि सूर्यवंशी ने पुरुष ताउलू नानदाऊ में रजत पदक अपने नाम किए। इसके अलावा पुरुष सांडा 70 किलोग्राम में समीर धस्माना, महिला सांडा 56 किलोग्राम में नैना चौधरी, महिला सांडा 75 किलोग्राम में माही राणा के अलावा ताउलू में पुरुष दाउशू में आदित्य गौतम और ताजिजियान में साक्षी जौहरी को कांस्य पदक मिले।
 

रिलेटेड पोस्ट्स