उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी होनहार, अबकी बार जीतेंगे मेडल 100 के पारः ब्रजेश पाठक

37वें राष्ट्रीय खेल: 33 खेलों में भाग लेंगे उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
गोवा में 26 अक्टूबर से 9 नवम्बर तक आयोजित 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी 33 खेलों में दमखम दिखाएंगे। इन खेलों के दौरान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के सुचारू रूप से प्रतिभाग एवं प्रतियोगिता स्थल पर अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन के चेयरमैन धीरेंद्र सिंह सचान (आईएएस, विशेष सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य) को उत्तर प्रदेश का मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने वाली उत्तर प्रदेश की विभिन्न टीमों के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित विदाई समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (चेयरमैन, उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ) एवं गिरीश चंद्र यादव (खेल व युवा कल्याण राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार) ने मुख्य दलनायक व उप दलनायकों के नामों की घोषणा करते हुए मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) को उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ का ध्वज प्रदान किया।
इसी के साथ प्रमोद कुमार (सचिव, उत्तर प्रदेश एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन), डॉ.सैयद रफत जुबैर रिजवी (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ) व एके त्रिपाठी (उपाध्यक्ष, यूपी हॉकी) को उप दलनायक (डिप्टी चीफ डि मिशन) नियुक्त किया गया है। कंटिंजेंट मैनेजर एसके तिवारी व मनीष कक्कड़ होंगे। राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने वाली उत्तर प्रदेश की विभिन्न टीमों के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित विदाई समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (चेयरमैन, उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ) एवं गिरीश चंद्र यादव (खेल व युवा कल्याण राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार) ने मुख्य दलनायक व उप दलनायकों के नाम की घोषणा करते हुए मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) को उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ का ध्वज प्रदान किया।
उन्होंने प्रतिभागी टीमों में शामिल खिलाड़ियों को सांकेतिक रुप से किट भी प्रदान की। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने आशीर्वचन में कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी पिछले काफी समय से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पटल पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आपका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का सिलसिला 37वें राष्ट्रीय खेल में भी जारी रहेगा। उन्होंने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुआ नारा दिया कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी होनहार, अबकी बार जीतेंगे मेडल 100 के पार। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खेलों को दी जा रही उत्कृष्ट सुविधाओं के चलते खेलों का कायाकल्प हो रहा है।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए गिरीश चंद्र यादव (खेल व युवा कल्याण राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार) ने बताया कि वर्तमान में राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को दी जाने वाली धनराशि को दोगुना कर दिया गया है, अर्थात अब सब जूनियर वर्ग के स्वर्ण पदक विजेताओं को 25 हजार के स्थान पर 50 हजार की धनराशि, जूनियर वर्ग के स्वर्ण पदक विजेतओं को 50 हजार के स्थान पर 01 लाख व सीनियर वर्ग में 01 लाख के स्थान पर 02 लाख रूपये एवं राष्ट्रीय खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को 03 लाख के स्थान पर 06 लाख रूपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जायेगी।
नेशनल गेम्स से पहले विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों का कोचिंग कैंप उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के समन्वय से उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित किया गया था ताकि इन खेलों के लिए उत्तर प्रदेश की टीमों की पुख्ता तैयारी हो सके। उत्तर प्रदेश के मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) धीरेंद्र सिंह सचान (आईएएस, विशेष सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) ने जानकारी दी कि इस बार राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश 33 खेलों में हिस्सा ले रहा है।
इन खेलों में उत्तर प्रदेंश का 498 सदस्यीय दल शामिल होगा। इस बार उत्तर प्रदेश के दल में कुल 386 खिलाड़ी (198 पुरुष, 188 महिला) शामिल है। इसी के साथ उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ ने खिलाड़ियों व आफिशियल की अंतिम सूची जारी कर दी। उन्होंने बताया कि 37वें राष्ट्रीय खेल आगामी 26 अक्टूबर से 9 नवंबर 2023 तक आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में बैडमिंटन और नेटबॉल, जिम्नास्टिक, बास्केटबॉल की स्पर्धाएं शूरू हो चुकी है। 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन 26 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर मौजूद उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डा. नवनीत सहगल (सेवानिवृत्त आईएएस), महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय व खेल निदेशक डा.आरपी सिंह ने भी टीम में शामिल खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कामना की। वहीं उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विराज सागर दास ने अपने प्रेषित संदेश में खिलाड़ियों को पिछली बार के मुकाबले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी।
उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.नवनीत सहगल (सेवानिवृत्त आईएएस) ने बताया कि दल में शामिल उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय द्वारा प्रदत्त किट की राशि में उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ द्वारा अपनी तरफ से सहयोग करते हुए सभी को उच्चकोटि की किट प्रदान की गयी है। उपदलनायक (डिप्टी चीफ डि मिशन) डा.सैयद रफत जुबैर रिजवी ने जानकारी दी कि इससे पहले 36वें राष्ट्रीय खेल गुजरात में गत वर्ष 29 सितंबर से 12 अक्टूबर 2022 तक आयोजित किए गए थे जिसमें उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने 20 स्वर्ण, 18 रजत, 18 कांस्य सहित कुल 56 पदक जीते थे। वहीं तालिका में उत्तर प्रदेश का ओवरऑल आठवां स्थान मिला था। इससे पहले साल 2015 में केरल में 31 जनवरी से 15 फरवरी तक आयोजित 35वें राष्ट्रीय खेल-2015 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, 31 रजत व 30 कांस्य पदक सहित कुल 68 पदक अपने नाम किए थे।
महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बात के लिए साधुवाद दिया कि अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट जैसे ओलंपिक, एशियाड व कामनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे डीएसपी पद पर नियुक्ति दी जा रही है। इसके अलावा प्रतिभावान खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में भर्ती देने के लिए खेल कोटे में दो फीसदी सीटों के आरक्षण के साथ भर्ती की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर तैयारियों के चलते उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ते हुए पहले से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 100 के पार पदक जीत सकते हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स