एशियन गेम्स के पदक विजेताओं की झोली खुशियों से आबाद

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पैसा और नौकरी दे बढ़ाया हौसला
खिलाड़ियों के लिए शूंटिंग रेंज-तीरंदाजी केंद्र खोलने की घोषणा 
खेलपथ संवाद
करनाल।
हरियाणा के करनाल में एशियाई खेलों के पदक विजेता हरियाणवी खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सम्मानित करते हुए कहा कि आप लोग प्रदेश और देश का गौरव हो। मुख्यमंत्री खट्टर ने खिलाड़ियों को पैसा और नौकरी का तोहफा देकर दूसरे राज्यों के लिए नजीर छोड़ी है।
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा यहां उपस्थित सभी 22 मेडलिस्ट और जो मेडल लेने नहीं आ पाए उनके माता-पिता व कोच बंधुओं का मैं स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम को सम्मान समारोह कहा जा रहा है। मगर मैं इसे गर्व व आभार का कार्यक्रम कहूंगा। सीएम ने कहा हमारे हरियाणा के खिलाड़ियों की भारतीय दल में 30 से 40 प्रतिशत भागीदारी है।
सीएम ने कहा कि पूरे देश में खेलो में हमारी 35 से 40 प्रतिशत भागीदारी है। जब हमारे खिलाड़ी जीतते हैं तो देश प्रदेश झूम उठता है। हमारे 44 खिलाड़ियों ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों को अब और सुविधाएं दी जाएंगी। सीएम ने एलान किया कि खिलाड़ियों के लिए शूंटिंग रेंज और दो तीरंदाजी के केंद्र खोले जाएंगे। 
सीएम ने कहा कि आज पदक विजेताओं को कुल 81 करोड़ रुपए की राशि दी गई अब सबको एक एक टीन वीटा घी भी दिया जाएगा। नई नीति के तहत निकायों को आवश्यकता के अनुरूप खेलों का सामान दिया जाएगा। सीएम ने बताया कि निमाना झज्जर और पंचकुला में शूटिंग रेंज खोलेंगे। साथ ही तीरंदाजी के भी दो केंद्र खुलेंगे।
सीएम ने कहा कि हमने इनाम और ढेरों प्रकार के प्रोत्साहन की व्यवस्था खिलाड़ियों के लिए की है। सभी खिलाड़ी ओलम्पिक के लिए ताकत लगा दें ताकि देश-प्रदेश की शान बढ़े। देश को आगे बढ़ाने के लिए हरियाणा सहित सभी प्रदेश प्रयास करें।
एशियन खेलों के 33 इवेंट में हरियाणा के 44 खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। सरकार की नीति के अनुसार शुक्रवार को ही सभी पदक विजेताओं के बैंक खातों में पुरस्कार राशि भी डाल दी गई। 
मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा आप लोगों ने देश व प्रदेश का मान बढ़ाया, मैं आप लोगों का आभार प्रकट करता हूँ। उन्होंने कहा जब खिलाड़ी प्रदेश में खेलता है तो प्रदेश के मान को बढ़ाता है जब देश के लिए खेलता है तो देश का मान बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि खेल किसी भी देश में हो रहा हो नजरें सभी लोग जमाए रहते हैं। जीत का डंका बजने पर सारा प्रदेश व देश झूम उठता है। एशियन गेम्स में 80 हमारे खिलाड़ी गए थे और 30 मेडल जीते।
समारोह के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा खेलों की शान बने इसीलिए इन खिलाड़ियों को आज ईनाम दिया गया है। उन्होंने 44 खिलाड़ियों को सम्मानित किया और कहा हरियाणा देश में खेल के हब तौर पर विकसित हो रहा है। आज हरियाणा में 1100 खेल नर्सरियां चल रही हैं, जहां से अच्छे खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। केंद्र सरकार ने आज हरियाणा में खेलो इंडिया योजना के तहत 15 केंद्र खोलना मंजूर किए हैं। इनमें से 10 केन्द्र आज से शुरू हो गए हैं, 5 केन्द्र अगले साल तक शुरू हो जाएंगे।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार जो पांच जिले रह गए हैं, उनमें भी केंद्र सरकार से खेलो इंडिया के तहत केंद्र खोलने की मांग करेगी। डीएसपी के पद पर भर्ती हुए खिलाड़ियों के प्रमोशन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रमोशन के एक नियम होते हैं, इनके तहत डीएसपी बने खिलाड़ियों को ट्रेनिंग लेनी होगी। 
ये हैं हरियाणा के पदकवीर
जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों की सूची में नीरज चोपड़ा, रिदम सांगवान, शिवा नरवाल, आदर्श सिंह, प्रीति लांबा, प्रवीण हुड्डा, मनु भाकर, पलक गुलिया, सुनील, सरबजोत सिंह, परमिंद्र, अनीश भानवाला, प्रीति पंवार, रमिता जिंदल, शैफाली वर्मा, सीमा आंतिल, नरेंद्र बरवाल, आर्यन पाल, संदीप ठरवाल, प्रवेश, सुनील, सुरजीत, नीतेश सांगवान, दीपक पूनिया, पूजा हथवाला, अक्षिमा, अंतिम पंघाल, सोनम मलिक, किरण, पूजा नरवाल, साक्षी कुमार, मुस्कान मलिक, भजन कौर, रितु, प्रियंका पिलानियां, अभिषेक, सुमित, नवनीत कौर, नेहा गोयल, मोनिका मलिक, निशा वारसी, सीमा पूनिया, सविता पूनिया, उदिता, सोनिका और दीपिका के नाम शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स