चीन से कांस्य पदक जीत ग्वालियर लौटी इशिका बेटी का शानदार स्वागत

अब रांची में होने वाली एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में हॉकी बेटी मचाएगी धमाल

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। हाल ही चीन में सम्पन्न हुए 19वें एशियन गेम्स में जापान को 2-1 से पराजित कर कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य और ग्वालियर की बेटी इशिका चौधरी का अपने शहर वापस लौटने पर बुधवार को एयरपोर्ट पर हॉकीप्रेमियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। अब इशिका बेटी रांची में 27 अक्टूबर से पांच नवम्बर तक होने वाली एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम की तरफ से धमाल मचाएगी।

बेहद प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी इशिका चौधरी अब किसी परिचय की मोहताज नहीं है। वह अपने शानदार खेल कौशल की बदौलत भारतीय टीम का नियमित सदस्य बन चुकी है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शाबासी पाने वाली हॉकी बेटी इशिका बुधवार को ग्वालियर लौटी। इस सुखद अवसर पर ग्वालियर के हॉकी प्रेमियों ने एयरपोर्ट पहुंचकर अपनी बेटी का ढोल-ताशे बजाते हुए फूलमाला पहनाकर अभूतपूर्व स्वागत किया।

एयरपोर्ट से जुलूस के बीच इशिका को राज्य महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर लाया गया, जहां उसकी संगी-साथी बेसब्री से इंतजार कर रही थीं। इस अवसर पर उसकी मित्रों ने भी फूलमाला पहनाकर जोरदार स्वागत करते हुए बधाई दी। इशिका के साथ ग्वालियर के ही अतीत के हॉकी सितारे और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सहायक प्रशिक्षक शिवेन्द्र सिंह चौधरी का भी शानदार स्वागत किया गया। शिवेन्द्र सिंह के प्रशिक्षण से निखरी भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाड में चौथी बार स्वर्ण पदक जीता है।

इस स्वागत और अभिनंदन समारोह में मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी एकेडमी के मुख्य प्रशिक्षक परमजीत सिंह बरार, जिला क्रीड़ा अधिकारी जोसेफ बत्सला, इशिका चौधरी के प्रथम हॉकी गुरु अविनाश भटनागर, धर्मवीर सिंह भदौरिया, अमित तोमर, दिलशाद ख़ान, देवकीनंदन, संगीता दीक्षित, राजेश लिखार, जितेंद्र पाठक आदि मौजूद रहे।

हम आपको बता दें की चीन में कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी बेटी इशिका चौधरी अब 27 अक्टूबर से पांच नवम्बर तक रांची में होने वाली एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में अपने शानदार खेल का आगाज करेगी। एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत के अलावा जापान, चीन, कोरिया, मलयेशिया और थाईलैंड अन्य भाग लेने वाले देश हैं। भारत अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा। इसके बाद वह मलयेशिया (28 अक्टूबर), चीन (30 अक्टूबर), जापान (31 अक्टूबर) और कोरिया (2 नवम्बर) के खिलाफ मैच खेलेगा।

भारतीय महिला हॉकी टीम की कोच यानेक शोपमैन का कहना है कि टीम की हर सदस्य महत्वपूर्ण है। हमें एशियन गेम्स में चीन से मिली पराजय का मलाल है लेकिन खेल में हर दिन अपने पक्ष में नहीं होता। उनके लिए टीम की लय बनाए रखना तथा टीम के रूप में सुधार जारी रखना महत्वपूर्ण है। हमने एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन करके कांस्य पदक जीता है। आगामी टूर्नामेंट में हमें अपने एशियाई प्रतिद्वंदियों के खिलाफ अपनी स्थिति में सुधार करने का एक और मौका मिल रहा है, उम्मीद है कि टीम एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

भारतीय टीम इस प्रकार है:- गोलकीपर: सविता (कप्तान), बिचू देवी खारीबाम, रक्षक : निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी, दीप ग्रेस एक्का (उप-कप्तान), मध्यपंक्ति: निशा, सलीमा टेटे, नेहा, नवनीत कौर, सोनिका, मोनिका, ज्योति, बलजीत कौर, अग्रिम पंक्ति : लालरेम्सियामी, संगीता कुमारी, दीपिका, वंदना कटारिया। बैकअप खिलाड़ी: शर्मिला देवी, वैष्णवी विट्ठल फाल्के।

रिलेटेड पोस्ट्स