एशियन गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते
खेलपथ संवाद
भोपाल।
चीन के हांगझोऊ में सम्पन्न 19वें एशियन गेम्स में निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह के बेजोड़ प्रदर्शन (दो स्वर्ण, एक रजत, एक कांस्य) के बाद मध्य प्रदेश ने एक दर्जन पदकों पर कब्जा जमाया। एशियाई खेलों में मध्य प्रदेश का अब तक का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 
इस बार मध्य प्रदेश अकादमी के निशानेबाजों ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। शूटिंग में मध्य प्रदेश ने दो स्वर्ण, दो रजत व दो कांस्य सहित कुल छह पदक जीते हैं। निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने 10 मीटर राइफल टीम इवेंट में महाराष्ट्र के रुद्राक्ष पाटिल और राजस्थान के दिव्यांश के साथ मिलकर देश को स्वर्ण पदक दिलाया। ऐश्वर्य ने इसी इवेंट के व्यक्तिगत मुकाबले में भी जोरदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीतकर अपने पदकों की संख्या दो की है। 10 मीटर राइफल महिला टीम इवेंट में मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी की आशी चौकसे ने हरियाणा की रमनीता जिंदल व पश्चिम बंगाल की मेहुली घोष के साथ रजत पदक जीता। मध्य प्रदेश की आशी चौकसे ने 50 मीटर थ्री पोजीशन व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। शूटिंग में ही एक रजत पदक 50 मीटर थ्री पोजीशन पुरुष वर्ग में एसके शर्मा और एम कौशिकी की जोड़ी ने जीता है। 
महिला क्रिकेट में भारत ने स्वर्ण पदक जीता। भारत की इस स्वर्णिम सफलता में मध्य प्रदेश की पूजा वस्त्राकर ने विशेष भूमिका निभाई। सेलिंग में मध्य प्रदेश वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की नेहा ठाकुर ने सभी को चौंकाते हुए रजत पदक जीता। नेहा ने यह सफलता महिलाओं की आईएलसी-4 इवेंट में हासिल की है वहीं जूडो में तूलिका मान ने 78 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। घुड़सवारी में मध्य प्रदेश की सुदीप्ति हजेला ने टीम ड्रेसाज इवेंट में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। यह मध्य प्रदेश ही नहीं भारत के लिए गौरव की बात है। 41 साल के बाद भारत पहली बार इस खेल में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहा है। सुदीप्ति ने इसके लिए पेरिस में तैयारी की है। इसी तरह भारत ने पुरुष हॉकी में गोल्ड तो महिला हॉकी में कांस्य पदक जीता है। इन दोनों ही टीमों में मध्य प्रदेश के विवेक सागर और इशिका चौधरी ने शानदार प्रदर्शन किया। 
जकार्ता एशियन गेम्स में जीते थे पांच पदक
जकार्ता एशियन गेम्स 2018 में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच पदक जीतकर धूम मचाई थी, इसमें दो रजत व तीन कांस्य सहित कुल पांच पदक जीते थे। यह सभी मध्य प्रदेश राज्य अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते थे। इसमें व्यक्तिगत इवेंट में मुस्कान किरार ने तीरंदाजी में रजत तथा हर्षिता तोमर ने सेलिंग में कांस्य पदक जीता था। वहीं, टीम इवेंट में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीते थे। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की पुरुष टीम में विवेक सागर, महिला टीम में मोनिका मलिक और रीना खोखर शामिल थे।

रिलेटेड पोस्ट्स