एशियाई खेलों में पंजाब के खिलाड़ियों ने जीते 19 पदक

8 गोल्ड मेडल जीतकर तोड़े 72 साल के सभी रिकॉर्ड
खेलपथ संवाद
चण्डीगढ़।
चीन में आयोजित हुए एशियन गेम्स में भारत के खिलाड़ियों का जलवा रहा। वहीं पंजाब के 33 खिलाड़ियों ने 72 साल के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 8 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य पदक के साथ कुल 19 पदक जीते। इससे पहले पंजाब के खिलाड़ियों ने 1951 में नई दिल्ली में 15 पदक जीते थे।
हांगझोऊ में सम्पन्न हुए एशियन गेम्स में भारत के खिलाड़ियों ने जहां अपना अब तक का सर्वोत्तम प्रदर्शन करते हुये 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदकों के साथ कुल 107 पदक जीतकर पदक सूची में चौथा स्थान हासिल किया वहीं, पंजाब के 33 खिलाड़ियों ने भी एशियन गेम्स के 72 वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए 8 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य पदकों के साथ कुल 19 पदक जीते।
एशियन खेलों में पंजाब के खिलाड़ियों ने इससे पहले सबसे अधिक स्वर्ण पदक 1951 में नई दिल्ली और 1962 जकार्ता एशियन गेम्स में 7-7 स्वर्ण पदक जीते थे और इस बार यह रिकॉर्ड तोड़ते हुये पंजाब के खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण पदक जीत लिए। इसके अलावा पंजाबी खिलाड़ियों ने कुल सबसे अधिक 15 पदक 1951 में नई दिल्ली में जीते थे। इस बार यह भी रिकॉर्ड तोड़ते हुये कुल 19 पदक जीते हैं।
खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने एशियन गेम्स में भारतीय खेल दल और पंजाबी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के बड़े मंच पर हमारे खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत के बलबूते देश का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर इस बार एशियन गेम्स में हिस्सा लेने गए 48 पंजाबी खिलाड़ियों को तैयारी के लिए प्रति खिलाड़ी 8 लाख रुपए के हिसाब के साथ कुल 4.64 करोड़ रुपए दिए गए।
पंजाब के इन खिलाड़ियों ने किया देश का नाम रोशन
सिफत कौर ने निशानेबाजी में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक जीतने वालों में हरमनप्रीत कौर (कप्तान), कनिका आहूजा और अमनजोत कौर ने महिला क्रिकेट, तेजिन्दर पाल सिंह तूर ने शॉटपुट, अर्जुन सिंह चीमा और जोरावार सिंह संधू ने निशानेबाजी, प्रनीत कौर ने तीरंदाज़ी, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), हार्दिक सिंह (वाइस कप्तान), मनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, वरुण कुमार, गुरजंट सिंह, शमशेर सिंह, जरमनप्रीत सिंह बल्ल, कृष्ण बहादुर पाठक और सुखजीत सिंह ने पुरुष हॉकी और अर्शदीप सिंह और प्रभसिमरन सिंह ने पुरुष क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीते।
रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ीः रजत पदक जीतने वालों में हरमिलन बैंस ने 800 मीटर और 1500 मीटर में दो रजत और जसविन्दर सिंह ने रोइंग में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। ध्रुव कपिला ने बैडमिंटन टीम और राजेश्वरी कुमारी ने ट्रैप निशानेबाजी में रजत पदक जीता।
कांस्य पदक वाले खिलाड़ीः कांस्य पदक जीतने वालों में विजयवीर सिद्धू ने निशानेबाजी, सतनाम सिंह, सुखमीत सिंह और चरनजीत सिंह ने रोइंग, मंजू रानी ने पैदल दौड़ और सिमरनजीत कौर ने तीरंदाज़ी में कांस्य पदक जीता।

रिलेटेड पोस्ट्स