107 पदकों के साथ एशियाई खेलों में भारत का अभियान खत्म

72 साल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, कबड्डी, क्रिकेट में स्वर्णिम सफलता
भारत के इन खेलों में 28 स्वर्ण, 38 रजत तथा 41 कांस्य
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
19वें एशियाई खेलों में भारत का सफर खत्म हो चुका है। भारत ने कुल 107 पदक अपने नाम किए। यह एशियाई खेलों में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत को पहले दिन पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ, सातवें दिन पांच, आठवें दिन 15, नौवें दिन सात, दसवें दिन नौ, 11वें दिन 12, 12वें दिन पांच, 13वें दिन नौ और 14वें दिन 12 पदक मिले।
एशियाई खेलों के 14वें दिन कुश्ती में पुरुषों के 86 किलोग्राम भारवर्ग के मैच में भारत के दीपक पूनिया को ईरान के हसन यजादनी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। ईरानी खिलाड़ी ने तकनीकी वरीयता के आधार पर जीत हासिल की। इसके साथ ही दीपक को रजत के साथ संतोष करना पड़ा। इसी तरह भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को 2-1 से हरा दिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। चीन के खिलाफ सेमीफाइनल में शर्मनाक हार के बाद भारत के लिए यह जीत हौसला बढ़ाने वाली है।
क्रिकेट के बाद कबड्डी में भी भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत ने विवादों से भरे फाइनल मैच में ईरान को हराया है। भारत ने यह मैच 33-29 से अपने नाम किया। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को भी स्वर्ण पदक मिला है। फाइनल मैच में भारत का सामना अफगानिस्तान के साथ था। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 112 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश के कारण आगे का खेल नहीं हो सका और बेहतर वरीयता के आधार पर भारत को विजेता घोषित कर दिया गया। टीम इंडिया को स्वर्ण पदक मिला वहीं, अफगानिस्तान को रजत के साथ संतोष करना पड़ा।
सात्विक-चिराग ने जीता स्वर्ण
बैडमिंटन के पुरुष युगल में सात्विक-चिराग की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भारत ने पहली बार एशियाई खेलों में बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीता है। इस जोड़ी ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। अब एशियाई खेलों में भी इन दोनों ने इतिहास रच दिया है।
महिला कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण
महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भारत ने फाइनल में चीनी ताइपे को हराकर स्वर्ण पदक जीता। यह एशियाई खेल 2023 में भारत का 25वां स्वर्ण और कुल 100वां पदक है। भारत ने पहली बार एशियाई खेलों में 100 पदक जीते हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने अबकी बार 100 पारी का नारा सच कर दिखाया है।
तीरंदाजी में ओजस को स्वर्ण, अभिषेक को रजत
कंपाउंड तीरंदाजी में भारत को दो पदक मिले हैं। ओजस देवतले ने स्वर्ण और अभिषेक वर्मा ने रजत पदक जीता है। फाइनल में दोनों भारतीय तीरंदाजों के बीच मुकाबला था। ऐसे में देश को दोनों पदक मिलने तय थे, लेकिन व्यक्तिगत रूप से दोनों को पदक का रंग तय करना था। ओजस ने 149 के स्कोर के साथ स्वर्ण और अभिषेक ने 147 का स्कोर कर रजत जीता।
ज्योति ने स्वर्ण जीता
महिला कंपाउंड तीरंदाजी में ज्योति सुरेखा वेन्नम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उन्होंने एशियाई खेलों में रिकॉर्ड बनाते हुए 149-145 के अंतर से फाइनल मैच अपने नाम किया। उन्होंने दक्षिण कोरिया की सो सी को हराया। कंपाउंड आर्चरी में भारत ने सभी प्रतियोगिताएं जीती हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स