एशियाड में 9 साल बाद हॉकी में सोना

गत चैम्पियन जापान को 5-1 से किया पराजित
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को गत चैंपियन जापान को एकतरफा फाइनल में 5-1 से हराकर एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता और पेरिस ओलम्पिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। टोक्यो ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता भारत ने 9 साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण जीता है। 
भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल किये, जबकि अभिषेक, अमित रोहिदास और मनप्रीत सिंह ने एक-एक गोल दागा। जापान के लिए एकमात्र गोल एस तनाका ने 51वें मिनट में किया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने रक्षात्मक खेल दिखाया। भारत को 15वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अमित रोहिदास की फ्लिक सीधे जापान के गोलकीपर के सामने गई। दूसरे क्वार्टर में भारतीयों ने लगातार हमले बोले। भारत का खाता 25वें मिनट में मनप्रीत ने खोला। मौजूदा टीम में से सिर्फ पूर्व कप्तान मनप्रीत सिंह और गोलकीपर पीआर श्रीजेश का ही यह दूसरा स्वर्ण है जो 2014 की स्वर्ण विजेता टीम का भी हिस्सा थे। भारत ने हॉकी में इससे पहले 1966 और 1998 में बैंकाक में स्वर्ण पदक जीता था।

रिलेटेड पोस्ट्स