बॉक्सर लवलीना को रजत, परवीन को कांस्य

मुक्केबाजी में भारत ने एक रजत समेत पांच पदक जीते
खेलपथ संवाद
हांगझोऊ।
टोक्यो ओलम्पिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन को एशियाई खेलों में बुधवार को एकतरफा फाइनल में हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि हरियाणा की परवीन हुड्डा को कांस्य पदक मिला। मौजूदा एशियाई चैम्पियन लवलीना को दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता लि कियान ने 75 किलो फाइनल में हराया। इसके साथ ही मुक्केबाजी में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। भारत ने एक रजत और चार कांस्य समेत पांच पदक जीते।
लवलीना ने मुकाबले के बाद कहा, ‘मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन स्वर्ण नहीं जीत सकी। मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। ओलम्पिक में पदक का रंग बदलने की कोशिश करूंगी।’ फाइनल में पहले राउंड में लवलीना को दो बार चेतावनी मिली और कियान ने 3-2 से यह राउंड जीता। दूसरे राउंड में दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे को पकड़ने की कोशिश की। लवलीना को इसके चक्कर में फिर चेतावनी मिली और एक अंक भी उसने गंवाया।
महिला 57 किलोग्राम सेमीफाइनल में परवीन को दो बार की विश्व चैम्पियन चीनी ताइपे की लिन यू टिंग के खिलाफ हार के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। परवीन को लिन ने 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया। भारतीय पुरुष टीम ने चीन को 2-1 से हराकर एशियाई खेलों की ब्रिज स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया, जिससे कम से कम रजत पदक पक्का हो गया।

रिलेटेड पोस्ट्स