डॉ. पीयूष जैन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के गवर्निंग बॉडी के सदस्य नियुक्त

स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया भारत में खेलों को बढ़ावा देने के लिए करती है कार्य
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के पूर्व छात्र, पेफी के राष्ट्रीय सचिव एवं ग्वालियर निवासी डॉ. पीयूष जैन को स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया की गवर्निंग बॉडी का सदस्य नियुक्त किया गया है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया, युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की एक स्वायत्तशासी संस्था है जो देश में खेलों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करती है। 
डॉ. पीयूष जैन देश में शारीरिक शिक्षा और खेल विशेषज्ञ के रूप में जाने जाते हैं तथा पिछले दो दशकों से शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में इन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मूलत: भिंड जिले के मौ कस्बे में जन्मे डॉ. पीयूष जैन ने वर्ष 2001 में लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान से मास्टर डिग्री की उपाधि हासिल की, मौजूदा समय में डॉ. जैन फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पेफी), जो खेल मंत्रालय की राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन संस्था है, उसके राष्ट्रीय सचिव हैं। डॉ. जैन की इस उपलब्धि पर देश भर के शारीरिक शिक्षकों में खुशी की लहर है। 
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के गवर्निंग बॉडी के सदस्य बनाए जाने पर डॉ. जैन ने युवा खेल मामले एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश में खेल के प्रति सकारात्मक माहौल बना है, जिसका असर अब निचले स्तर पर भी दिख रहा है। आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में भारत के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खेलो इंडिया, फिट इंडिया जैसी पहल ने खेल के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरे मनोयोग से पालन करेंगे और देश में खेलों के लिए एक सकारात्मक माहौल बनाने के लिए सब के साथ मिलकर काम करेंगे।
डॉ. जैन अगले दो दिन ग्वालियर में रहेंगे, इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स