एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के 43 खिलाड़ी दिखाएंगे जौहर

एकेडमियों के 19 खिलाड़ियों ने बनाई भारतीय दल में जगह
खेलपथ संवाद
भोपाल।
आगामी 23 सितम्बर से 8 अक्टूबर तक चीन के हांग्जो में होने वाले 19वें एशियन गेम्स में मध्य प्रदेश के 43 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में जौहर दिखाएंगे। इस बार एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के 43 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने को तैयार हैं। इनमें 19 खिलाड़ी विभिन्न एकेडमियों के शामिल हैं।
जनसम्पर्क अधिकारी बिन्दु सुनील ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि चीन के हांग्जो में होने वाले 19वें एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश खेल एकेडमी के 19 खिलाड़ी, एकेडमी से बाहर के 11, स्पोर्ट्स ऑथारिटी ऑफ इंडिया (साई) के तीन, मध्यप्रदेश खेल एकेडमियों के सात पूर्व खिलाड़ी तथा तीन खिलाड़ी एसोसिएट सदस्य के रूप में भारतीय दल में शामिल हैं।
इस वर्ष चीन के हांग्जो में 23 सितम्बर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश खेल अकादमी के सबसे ज्यादा वाटर स्पोर्ट्स के खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें केनो सलालम में शुभम केवट, शिखा चौहान, हितेश केवट, विशाल वर्मा, सेलिंग में नेहा ठाकुर, शीतल वर्मा, हर्षिता तोमर, कयाकिंग-कनोइंग में अर्जुन सिंह, नीरज वर्मा, शिवानी वर्मा, कावेरी, ओ. विनीता देवी, प्राची यादव और मनीषा कौरव (दोनो पैरा केनो) तथा रोइंग में रूक्मणी दांगी शामिल हैं। घुड़सवारी में मध्यप्रदेश एकेडमी के राजू सिंह और सुदीप्ति हजेला का चयन एशियन गेम्स के लिये किया गया है। निशानेबाजी में मध्यप्रदेश शूटिंग एकेडमी के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और आशी चौकसे भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मध्यप्रदेश मार्शल आर्ट एकेडमी के कपिल परमार जूडो (ब्लाइंड जूडो कैटेगरी) खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एकेडमी के दो एसोसिएट सदस्य दीक्षा और सपना बर्मन भारतीय एथलेटिक्स दल का हिस्सा होंगी।
इसी तरह मध्यप्रदेश के अन्य खिलाड़ियों में एकेडमियों से बाहर के 11 खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें अद्धेत पात्रे (स्वीमिंग), आध्या तिवारी, जय मीणा, तुषिता सेन और आदित्य दुबे (सभी साफ्ट टेनिस), अनंजुल नामदेव और रोहित यादव (वुशू), दमिता देवी (क्याकिंग कनोइंग), रोहिणी कलाम (जी-जुत्सू), ज्योति चौहान (महिला फुटबॉल), आवेश खान (क्रिकेट) भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्पोर्ट्स अथॉरटी ऑफ इंडिया की तुलिका और अवतार सिंह (जूडो) तथा सोनिया देवी पहीरेमबाम का कयाकिंग-केनोइंग में चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश एकेडमी के सात पूर्व खिलाड़ियों का भी भारतीय दल में चयन हुआ है। इसमें महिला हॉकी टीम में मोनिका, सुशीला चानू, इशिका चौधरी, विष्णु देवी तथा पुरूष हॉकी में विवेक सागर और नीलाकांता शर्मा भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व एशियन गेम्स में करेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स