फुटबॉल कप्तान सुनील छेत्री के घर आया नन्हा मेहमान

पत्नी सोनम ने दिया बेटे को जन्म
खेलपथ संवाद
बेंगलूरु।
भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी सोनम भट्टाचार्य ने बेटे को जन्म दिया है। पारिवारिक सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनम फिलहाल बेंगलुरु के एक नर्सिंग होम में हैं। बताया जा रहा है कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।। बुधवार सुबह 11:11 बजे सोनम ने बेटे को जन्म दिया। दिलचस्प बात यह है कि सुनील ने सोशल मीडिया पर कोई भी अपडेट साझा नहीं किया है।
दरअसल, यह चलन आजकल मशहूर हस्तियों के बीच आम हो गया है। आमतौर पर सकारात्मक खबरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो जाती हैं, लेकिन सुनील और सोनम दोनों ने अब तक इस मामले के बारे में कोई भी जानकारी ऑनलाइन साझा नहीं करने का फैसला किया है। साहेब भट्टाचार्य, जो अक्सर सोशल मीडिया पर सुनील और सोनम के बारे में अपडेट साझा करते हैं, प्रसिद्ध फुटबॉल दिग्गज सुब्रत भट्टाचार्य के बेटे और सोनम के भाई हैं। यहां तक कि साहेब ने भी सुनील और सोनम के बेटे के जन्म के संबंध में कोई भी सोशल मीडिया पोस्ट नहीं करने का फैसला किया है।
इस खुशी के अवसर पर 'कैप्टन-फैंटास्टिक' और उनकी पत्नी को बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं। पहले यह जानकारी सामने आई थी कि सोनम सितंबर मध्य में बच्चे को जन्म दे सकती हैं। ऐसे में सुनील छेत्री ने थाईलैंड में होने वाले किंग्स कप के लिए भारतीय टीम से खुद का नाम हटा लिया था। भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमैक ने कप्तान के अनुरोध को स्वीकार कर लिया था और किंग्स कप में उनके आगामी असाइनमेंट के लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम में नहीं चुना था। उनकी गैरमौजूदगी में संदेश झींगन टीम का नेतृत्व करेंगे। वहीं, मनवीर सिंह फॉरवर्ड की देखरेख करेंगे। हालांकि, सुनील छेत्री सितंबर आखिरी में एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में मौजूद रहेंगे।
चार देशों के किंग्स कप टूर्नामेंट का आयोजन नॉकआउट प्रारूप में होगा। इसका आयोजन थाईलैंड के चियांग माई में सात से 10 सितंबर तक होगा। टूर्नामेंट के 49वें सत्र के लिए भारतीय कोच इगोर स्टिमक ने 23 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की। किंग्स कप में भारत सात सितंबर को थाईलैंड के चियांग माई स्टेडियम में पहले नॉकआउट गेम में एशियाई दिग्गज इराक से खेलेगा। हारने वाली टीम तीसरे स्थान का प्लेऑफ गेम खेलेगी, जबकि विजेता को लेबनान और मेजबान थाईलैंड के बीच दूसरे गेम के विजेता से फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा।
किंग्स कप के लिए भारतीय टीमः गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह संधू, अमरिंदर सिंह, गुरमीत सिंह। डिफेंडर्स: आशीष राय, निखिल पुजारी, संदेश झींगन, अनवर अली, मेहताब सिंह, लालचुंगनुंगा, आकाश मिश्रा, सुभाशीष बोस। मिडफील्ड: जैक्सन सिंह थौनाओजम, सुरेश सिंह वांगजम, ब्रैंडन फर्नांडिस, सहल अब्दुल समद, अनिरुद्ध थापा, रोहित कुमार, आशिक कुरुनियान, नाओरेम महेश सिंह, लालियानजुआला छांगते। फॉरवर्ड: मनवीर सिंह, रहीम अली, राहुल केपी। मुख्य कोच: इगोर स्टिमैक

रिलेटेड पोस्ट्स