जेवलिन थ्रोवर किशोर जेना पर पैसों की बारिश

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 25 लाख रुपये देंगे
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत का झंडा बुलंद करने वाले जेवलिन थ्रोअर किशोर जेना पर भी पैसों की बरसात हुई है। किशोर कोई पदक जीतने में तो कामयाब नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने टॉप-पांच में जगह बनाई। भारत के तीन एथलीट्स टॉप छह में रहे थे। नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण जीता, जबकि किशोर पांचवें और डीपी मनु छठे स्थान पर रहे थे। यह भारतीय जेवलिन थ्रो के इतिहास में गौरवपूर्ण क्षण था।
इसके बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को किशोर जेना के लिए 25 लाख रुपये के नकद ईनाम की घोषणा की। किशोर विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के फाइनल में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले ओडिशा के पहले एथलीट हैं। रविवार को उन्होंने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के जेवलिन थ्रो इवेंट के फाइनल में 84.77 मीटर का थ्रो किया था। यह उनका जेवलिन थ्रो में पर्सनल बेस्ट भी रहा। 
नवीन पटनायक ने कहा, "बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में किशोर जेना की उल्लेखनीय यात्रा और असाधारण प्रदर्शन ने न केवल हमारे राज्य और राष्ट्र को गौरव दिलाया है, बल्कि आने वाले वर्षों में कई एथलीटों को प्रेरित भी करेगा। इस चैंपियनशिप में उनकी भागीदारी न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतिनिधित्व करती है, बल्कि ओडिशा की खेल भावना और प्रतिभा को भी दर्शाती है।"
इससे पहले नीरज ने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वहीं, चेक रिपब्लिक के जाकुब वेदलेच ने 86.67 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ कांस्य पदक पर निशाना साधा। किशोर के अलावा डीपी मनु ने 84.14 मीटर का बेस्ट थ्रो किया। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में चैम्पियन बनने वाले नीरज के पास इस टूर्नामेंट से पहले सिर्फ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ही स्वर्ण पदक नहीं था, लेकिन अब उनकी झोली में इसका स्वर्ण पदक भी है। नीरज के छह अटेम्प्ट फाउल, 88.17 मीटर, 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर के रहे। नीरज 2024 पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण जीतने के प्रबल दावेदार होंगे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स