राजस्थान में खुलेगा राष्ट्रीय उत्कृष्टता केन्द्रः अनुराग ठाकुर

33 खेलो इंडिया केंद्रों का किया शुभारम्भ 
खेलपथ संवाद
जयपुर।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को जयपुर में कहा कि सभी राज्य खेलों के मामले में आगे बढ़ें क्योंकि जब राज्य सरकारें खेलों के लिए एक सर्वसम्मत दृष्टिकोण के साथ केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करेंगी तभी भारत के अधिक पदक आएंगे। अनुराग ठाकुर ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेलो इंडिया केन्द्र का शुभारम्भ किया।
केंद्रीय खेल मंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि राजस्थान में 33 खेलो इंडिया केंद्र हो गए हैं। खेलो इंडिया के 18 अन्य केंद्रों में एक खेल विज्ञान केंद्र के साथ एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस प्रकार राजस्थान में खेलो इंडिया केंद्रों की कुल संख्या 51 हो जाएगी। अनुराग ठाकुर ने कहा, ''खेलो इंडिया योजना और टारगेट ओलम्पिक पोडियम योजना की सफलता के कारण पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक पदक मिले हैं, चाहे वह ओलम्पिक हो या पैरालम्पिक या राष्ट्रमंडल खेल या थॉमस कप जीत जैसी ऐतिहासिक प्रतियोगिता। 
अंडर-20 कुश्ती में अंतिम पंघाल ने भी दो बार विश्व चैम्पियन बनकर इतिहास रचा। प्रगनाननंदा भी शतरंज विश्व कप के फाइनल में हैं। यह भारतीय खेलों के लिए अभूतपूर्व दौर है।" वर्तमान में 17,000 से अधिक एथलीट खेलो इंडिया केंद्रों (केआईसी) में प्रशिक्षित हो रहे हैं और 699 पूर्व चैम्पियन एथलीट पहले से ही देश भर में काम पर हैं। वर्तमान में पूरे भारत में अधिसूचित खेलो इंडिया केन्द्रों की कुल संख्या 960 है, जिनमें से 715 केआईसी द्वारा संचालित हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स