खेल मंत्री यशोधरा ने किया हॉकी बेटों और बेटियों का सम्मान

प्रशस्ति-पत्र के साथ प्रदान की 11.80 लाख की प्रोत्साहन राशि
राष्ट्रीय जूनियर हॉकी चैम्पियनशिप में जीते खिताब
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मध्य प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप जीतने पर मध्य प्रदेश की जूनियर महिला हॉकी टीम को बुधवार को सम्मानित किया। उन्होंने टीम को प्रशस्ति-पत्र और 11 लाख 80 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। सम्मान समारोह में टीम की सभी 18 खिलाड़ियों को 50-50 हजार, मुख्य कोच को एक लाख, दो सहायक कोच को 50-50 हजार तथा चार सपोर्ट स्टाफ को 20-20 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर खेल मंत्री सिंधिया ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह मध्य प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। हमारे खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है अपने उम्दा खेल और प्रशिक्षकों की बेहतरीन खेल रणनीति से प्रदेश की पुरुष और महिला टीम ने हॉकी जूनियर नेशनल ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया है।
गौरतलब है कि गत दिनों मध्य प्रदेश की महिला हॉकी टीम 13वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के फाइनल में झारखंड को 1-0 से हराकर चैम्पियन बनी थी। मध्य प्रदेश की टीम ने पूल-ई में अपने पहले मैच में पुंडुचेरी को 25-0 से, जम्मू-कश्मीर को 21-0 से और क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक को 7-1 से, सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को 9-0 से हराकर फाइनल का सफर तय किया था। इसी तरह खेल मंत्री ने मध्य प्रदेश की पुरुष जूनियर हॉकी टीम को भी इसी तरह प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया था। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने पुरुष हॉकी टीम के मुख्य प्रशिक्षक एवं ओलम्पियन समीर दाद के साथ पूरी टीम के सभी सदस्यों से मुलाकात कर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दी थीं।
इनका हुआ सम्मान- योगिता वर्मा, निरुपमा देवी, प्रियंका यादव, आश्रिता ठाकुर, रितयाना साहू, भूमिक्षा साहू, याशिका भदौरिया, सोनिया कुमरे, ज्योति सिंह, लवदीप कौर, गुरमैल कौर, परिणिति कौर, सोनिया देवी, सोनम, कार्तिका कश्यप, रितिका विश्वकर्मा, सलीनी अली और विशाखा लिखितकर। मुख्य कोच परमजीत सिंह, सहायक कोच नेहा रावत और वंदना उइके। मैनेजर रैना यादव, फिजियोथेरेपिस्ट उमेश कुमार, साइकोलॉजिस्ट भावना चौहान और स्ट्रेंग्थ एंड कंडीशनिंग एक्सपर्ट विजय विग्नेश।

 

रिलेटेड पोस्ट्स