21वीं डार्ट्स नेशनल चैम्पियनशिप में यूपी दूसरे स्थान पर

यूथ वर्ग में आर्यन साहू और अर्चिता थापा ने रजत पदक जीता 
सीनियर आयु वर्ग में महिमा गौतम की चांदी
खेलपथ संवाद
कानपुर।
23 से 26 जून तक डिघा पश्चिम बंगाल में हुई 21वीं डार्ट्स नेशनल चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश टीम दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता के यूथ वर्ग में आर्यन साहू और अर्चिता थापा ने रजत पदक जीता वहीं सीनियर आयु वर्ग में महिमा गौतम ने भी चांदी के पदक से अपना गला सजाया।
पश्चिम बंगाल में हुई 21वीं डार्ट्स नेशनल चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश की 20 सदस्यीय टीम ने प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता मे 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश कानपुर के आर्यन साहू ने यूथ वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में आर्यन साहू का मुक़ाबला पश्चिम बंगाल के आर्यवीर चोखानी से हुआ। यूथ बालिका वर्ग में अर्चिता थापा छत्तीसगढ़ की शालिनी से 3-2 से हार गईं और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
सीनियर महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की महिमा गौतम उप विजेता रहीं। महिमा को पश्चिम बंगाल की महि बोसमिया से 4-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी। टीम स्पर्धा में प्रथम स्थान पर पश्चिम बंगाल, दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश, तीसरे स्थान पर उड़ीसा की टीम रही। सभी विजेता खिलाड़ियों को विधायक मदन मित्रा और मिस इंडिया संगीता सिन्हा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विधायक मदन मित्रा ने बताया की जल्द की डार्ट्स खेल को युवा एवं खेल मंत्रालय की खेल सूची में शामिल कर लिया जाएगा।
26 से 29 सितम्बर 2023 तक डेनमार्क में होने वाले डार्ट्स वर्ल्ड कप 2023 के लिए 12 खिलाड़ियों का चयन किया जाना है जिसमें 2022 और 2023 के प्रदर्शन के आधार पर 20 खिलाड़ियों की संभावित सूची जारी की गई। इन खिलाड़ियों को 05 जुलाई तक पासपोर्ट और अपने स्कूल एवं विभाग के जरूरी कागजात जमा करने का समय दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष अमन सचान ने जानकारी दी की संभावित खिलाड़ियों की सूची में सीनियर वर्ग में उत्तर प्रदेश से कानपुर के शैलेश कुमार और उन्नाव की महिमा गौतम टीम का हिस्सा रहेंगी। साथ ही यूथ वर्ग बालक टीम में आर्यन साहू और प्रियम कुमार तथा बालिका वर्ग में अनुस्मिता श्रीवास्तव का संभावित खिलाड़ियों में नाम है। उक्त सभी 20 खिलाड़ी वर्ल्ड रैंकिंग के लिए 29-30 जुलाई 2023 को थाइलैंड में होने वाली डार्ट्स एशिया कप में प्रतिभाग करेंगे जिससे इन खिलाड़ियो का वर्ल्ड रैंकिंग में नाम आ सके।

रिलेटेड पोस्ट्स