खेवड़ा के लाल ने 70.17 मीटर भाला फेंक बनाया विश्व रिकाॅर्ड

सुमित आंतिल ने पैर खोया लेकिन जज्बा नहीं
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
टोक्यो पैरा ओलम्पिक में भाला फेंक में गोल्ड मेडल जीतने वाले सोनीपत के गांव खेवड़ा के सुमित आंतिल ने पिछले साल बनाया अपना ही रिकाॅर्ड तोड़ते हुए नया विश्व रिकाॅर्ड बनाया है। उन्होंने बेंगलुरू में आयोजित ट्रायल में यह कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने जेवलिन थ्रो की एफ 44/64 श्रेणी में 70.17 मीटर का थ्रो किया। 
सुमित आंतिल ने पिछले साल अपना ही बनाया 68.62 मीटर का रिकार्ड तोड़ते हुए इसी साल जुलाई में पेरिस में होने वाली विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है। एक पैर से चलने में असमर्थ सुमित काफी समय से सोनीपत में अभ्यास कर रहे हैं। बेंगलुरू में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें जेवलिन थ्रो की एफ 44/64 श्रेणी में सुमित ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 70.17 मीटर दूर भाला फेंका और नया नेशनल रिकार्ड बनाया। 
अब सुमित ने अपना ही रिकार्ड तोड़ते हुए नया विश्व रिकाॅर्ड बनाया है। सुमित ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है। सुमित ने बताया कि वे 70 मीटर प्लस के लिए कई महीने से साई सोनीपत में अभ्यास कर रहे थे। उनकी मेहनत रंग लाई। सुमित ने टोक्यो पैरा ओलम्पिक में 68.55 मीटर के विश्व रिकार्ड के साथ तिरंगा लहराया था। इसके बाद से लगातार सुमित अपने प्रदर्शन में सुधार कर रहे हैं।
हादसे ने छीनी पहलवानी, थामा भाला
सुमित स्कूल में पढ़ाई के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण बहालगढ़ में कुश्ती के दांव पेंच सीखते थे। 2015 में अभ्यास के दौरान घर लौटते समय वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गये, जिससे उनका एक पैर काटना पड़ा। करीब दो साल मैदान से दूर रहे। ठीक होने के बाद दोबारा मैदान में उतरे, मगर इस बार कुश्ती के बजाय उन्होंने पैरा श्रेणी में भाला फेंक गेम को चुना। कई साल की कड़ी मेहनत और अभ्यास के बाद आज सुमित इस खेल में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बन चुके हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स