शिव प्रसाद ने जीती 1500 मीटर दौड़, लम्बीकूद में दीपक ने मारी बाजी

इविंग क्रिश्चियन कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता
खेलपथ संवाद
प्रयागराज।
इविंग क्रिश्चियन कॉलेज खेल मैदान पर चल रही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन जैवलिन थ्रो, लम्बीकूद, 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के फाइनल हुए। वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन 1500 मीटर दौड़ की शुरुआत विभागाध्यक्ष शारीरिक शिक्षा डॉ. थॉमस अब्राहम ने झंडी दिखाकर की। 1500 मीटर दौड़ शिव प्रसाद मिश्रा ने जीती।
इविंग क्रिश्चियन कॉलेज खेल मैदान पर चल रही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने अपने दमखम और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जैवलिन थ्रो में छात्र वर्ग दीपक कुमार प्रथम, अनमोल मिश्रा द्वितीय तथा जसवंत कुमार यादव तीसरे स्थान पर रहे। 1500 मीटर दौड़ में शिव प्रसाद मिश्रा प्रथम, अंश प्रताप सिंह द्वितीय तथा आदर्श मिश्रा तीसरे स्थान पर रहे। लम्बीकूद में दीपक कुमार प्रथम, मोहम्मद अरबाज खान द्वितीय तथा अरमान कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
200 मीटर दौड़ की हीट्स में सात प्रतिभागियों ने फाइनल में प्रवेश किया जिनमें आलोक कुमार यादव, शशांक मिश्रा, अमन शुक्ला, पीयूष सिंह, कार्तिकेय तिवारी, अभिनव यादव तथा अरमान शामिल हैं। इसी तरह छात्राओं की 400 मीटर दौड़ में वर्षा यादव प्रथम, रितिका सिंह द्वितीय तथा यासी मौर्य तीसरे स्थान पर रहीं। छात्राओं की जैवलिन थ्रो में प्रतिभा सरोज प्रथम, अंतरा शर्मा द्वितीय तथा श्रीजा यादव तीसरे स्थान पर रहीं। लम्बीकूद में रश्मि पटेल प्रथम, कुमारी नेहा द्वितीय तथा प्रिया यादव तीसरे स्थान पर रहीं। 
बालिका वर्ग में 48 एवं पुरुष वर्ग में 106 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका ईशान गिरी, डॉ. ई सेम्वेल, आशीष कनौजिया, शकील अहमद ने निभाई। प्रतियोगिता को संचालित करने में अरुण प्रताप सिंह एवं विभाग के अन्य साथियों सुरेश, राम सजीवन मौर्य, प्रामित कुमार, बैजनाथ एवं विभाग के छात्रों ने  महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रिलेटेड पोस्ट्स