प्रतिभाओं को अब बड़ा प्लेटफार्म मिलेगाः उप मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश ओलम्पिक एसोसिएशन के चेयरमैन बने बृजेश पाठक
नवनीत सहगल को बनाया गया कार्यकारी अध्यक्ष
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
रविवार 5 मार्च को राजधानी लखनऊ में हुई उत्तर प्रदेश ओलम्पिक एसोसिएशन की साधारण सभा में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को संघ का चेयरमैन बनाया गया। उत्तर प्रदेश ओलम्पिक एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को चेयरमैन बनाया गया वहीं अन्य पदाधिकारी भी आम सहमति से निर्विरोध चुने गए। यूपीओए में विराज सागर दूसरी बार अध्यक्ष तो आनन्देश्वर पाण्डेय 8वीं बार महासचिव चुने गए। सैयद रफत यूपीओए के नए कोषाध्यक्ष चयनित किए गए।
बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में अधिकतर राज्य संघों और जिला ओलम्पिक संघों के पदाधिकारियों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया। इस बार की कार्यकारिणी अब तक की सबसे बड़ी है, इसमें सह उपाध्यक्ष, सह संयुक्त उपाध्यक्ष, ओएसडी जैसे नए पद सृजित किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सर्वसम्मति से चेयरमैन बनने के बाद कहा, “हम विश्वास दिलाते हैं कि उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ की नई टीम प्रदेश में खेलों को आगे बढ़ाने के लिए नई ऊर्जा और नई लगन से काम करेगी। इसके साथ ही खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में यूपी के अच्छे प्रदर्शन के लिए अभी से तैयारी कर रहे हैं।” उप मुख्यमंत्री  पाठक ने कहा, “प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय सुविधा और कोच दिलाने के लिए काम करेंगे। हम उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ की इकाई ब्लाक स्तर तक ले जाने के लिए काम करेंगे। इससे यूपी की प्रतिभाओ को एक बड़ा प्लेटफार्म मिलेगा।”
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल को यूपीओए का कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। आईएएस अधिकारी संजय प्रसाद, सांसद श्याम सिंह यादव, आईएएस अधिकारी सुधीर गर्ग, एमएस बोबड़े और रविंद्र नायक, एमएलसी वागीश पाठक, पूर्व खेल मंत्री रामसकल गुर्जर, अभिजीत सरकार, सुधीर हलवासिया, एमएलसी विजय बहादुर पाठक आदि को उपाध्यक्ष चुना गया है। यूपीओए के वरिष्ठ संयुक्त सचिव डॉ. आरपी सिंह एवं अजय त्रिपाठी, बैडमिंटन संघ के डॉ. सुधर्मा सिंह, टीपी हवेलिया समेत सात लोगों को संयुक्त सचिव बनाया गया है।
महिलाओं को मिली हिस्सेदारी 
संघ में पहली बार महिलाओं को प्रधानता दी गई। इसमें ओलम्पियन पद्मश्री सुधा सिंह को सह संयुक्त सचिव, अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर स्वाति सिंह को संयुक्त सचिव चुना गया। उत्तर प्रदेश वेटलिफ्टिंग संघ की सचिव सबीना यादव को उपाध्यक्ष चुना गया। दो अन्य महिलाओं को कार्यकारिणी में सदस्य नामित किया गया है। इनमें सीतापुर ओलम्पिक संघ की सचिव डॉ. सुधा बाजपेयी और बुलंदशहर ओलम्पिक संघ की सोनाक्षी दास को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है। सुधा सिंह को महिला उत्पीड़न समिति का चेयरमैन नामित किया गया है।

रिलेटेड पोस्ट्स