यूपी की साक्षी चौधरी एशियन गेम्स में लगाएगी निशाना

ट्रायल के बाद 16 भारतीय तीरंदाजों का चयन
कम्पाउंड वूमेन श्रेणी में अवनीत, ज्योति सुरेखा, अदिति और साक्षी शामिल
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र बहालगढ़, सोनीपत में 18 से 20 फरवरी तक देशभर से आए तीरंदाजों के ट्रायल के बाद सोमवार शाम 16 तीरंदाजों का चयन किया गया। चयनित तीरंदाज एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। अब साई सोनीपत में इन तीरंदाजों के लिए नेशनल कैंप लगाया जाएगा। एशियन गेम्स का आयोजन 23 सितम्बर से 8 अक्टूबर तक चीन में होगा। चयनित तीरंदाजों में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की साक्षी चौधरी भी शामिल है।
तीरंदाजी के हाई परफार्मेंस डायरेक्टर संजीवा सिंह ने बताया कि कोलकाता में 10 से 17 जनवरी तक देशभर के तीरंदाजों के बीच ट्रायल-1 का आयोजन किया गया था जिसमें 64 तीरंदाजों को विजेता घोषित किया गया। अब 18 से 20 फरवरी तक साई सोनीपत में ट्रायल-2 का आयोजन किया गया। इसमें जीत हासिल करने वाले 16 तीरंदाज 23 सितम्बर से 8 अक्टूबर तक चीन में होने वाले एशियन गेम्स में भाग लेंगे। चार श्रेणियों में चार-चार तीरंदाजों का चयन किया गया है। इन तीरंदाजों के अभ्यास के लिए साई सोनीपत में ही नेशनल कैम्प लगाया जाएगा।
इन तीरंदाजों का हुआ चयन
रिकर्व मैन के लिए बी. धीरज, अतानु दास, तरुणदीप राय, नीरज चौहान, रिकर्व वूमेन में भजन कौर, अदिति जायसवाल, अंकिता भकत और सिमरनजीत कौर का चयन किया गया वहीं कम्पाउंड मैन में प्रथमेश जवाहर, रजत चौहान, ओजस देवताले और ऋषभ यादव, कम्पाउंड वूमेन श्रेणी में अवनीत कौर, ज्योति सुरेखा, अदिति गोपीचंद स्वामी और साक्षी चौधरी का चयन किया गया है। हैरानी की बात यह है कि दिग्गज तीरंदाज अभिषेक वर्मा और पार्थ सालुंके एशियन गेम्स में भाग लेने वाली टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स