भारतीय कोच ग्राहम रीड का इस्तीफा

खराब प्रदर्शन की ली नैतिक जिम्मेदारी
विश्व कप में नौवें स्थान पर रही टीम इंडिया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय हॉकी टीम के कोच ग्राहम रीड ने इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में ओडिशा में हुए हॉकी विश्व कप में टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के बाद रीड ने अपने पद से हटने का फैसला लिया। उनके अलावा एनालिटिकल कोच ग्रेग क्लार्क और साइंटिफिक एडवाइजर मिचेल डेविड पेम्बरटन ने भी इस्तीफा दे दिया है। हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम नौवें स्थान पर रही। 
रीड को अप्रैल 2019 में भारत का कोच नियुक्त किया गया था। उनकी देखरेख में भारत ने 2021 में टोक्यो ओलम्पिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। 58 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई रीड ने भुवनेश्वर में विश्व कप के समापन के एक दिन बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफा सौंप दिया। विश्व कप के फाइनल में जर्मनी ने बेल्जियम को पेनाल्टी शूट-आउट में हराया और टीम चैम्पियन बनी। यह जर्मनी का तीसरा विश्व कप खिताब रहा।
रीड ने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा- अब समय आ गया है कि मैं पद छोड़ दूं और अगले मैनेजमेंट को जिम्मेदारी सौंप दूं। टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करना सम्मान और सौभाग्य की बात है। मैंने इस शानदार यात्रा के हर पल का आनंद लिया है। मैं टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
ऐतिहासिक ओलम्पिक मेडल के अलावा रीड और उनके सहयोगी स्टाफ की टीम की मदद से भारत ने पिछले साल 2021/22 एफआईएच हॉकी प्रो लीग सीजन में भी शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा पिछले साल हुए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी टीम इंडिया दूसरे स्थान पर रही थी और रजत पदक जीता था। हालांकि, विश्व कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन उतना खास नहीं रहा। मेजबान भारत क्वार्टर फाइनल के लिए भी क्वालीफाई करने में असफल रहा।
ग्रुप स्टेज में टीम ने स्पेन को 2-0 से हराया, फिर इंग्लैंड के साथ 0-0 से ड्रॉ खेला और आखिरी ग्रुप मैच में वेल्स को 4-2 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड को हराना था, लेकिन लीड लेने के बाद भारतीय टीम उस मैच को नहीं जीत पाई। न्यूजीलैंड ने फुल टाइम तक स्कोर 3-3 की बराबरी पर ला दिया। फिर पेनाल्टी शूटआउट में भारतीय टीम हार गई और क्वार्टर फाइनल की रेस से बाहर हो गई। हालांकि, क्लासिफिकेशन राउंड में भारतीय टीम का प्रदर्शन जबरदस्त रहा। टीम ने जापान को 8-0 से रौंदने के बाद दक्षिण अफ्रीका को 5-2 से हराया था।
विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ चौंकाने वाली हार के बाद रीड भारतीय टीम के साथ अपने भविष्य को लेकर मौन रहे, लेकिन अब उनके इस्तीफे के साथ रहस्य समाप्त हो गया। भारतीय हॉकी के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने अनुभवी कोच को उनके योगदान के लिए धन्यवाद कहा है। टिर्की ने कहा- भारत हमेशा ग्राहम रीड और उनके सहयोगी स्टाफ की टीम के प्रति आभार व्यक्त करेगा, जिन्होंने देश के लिए, विशेष रूप से ओलम्पिक खेलों में अच्छे परिणाम लाए हैं। अब समय आ गया है कि हम हमारी टीम के लिए एक नए दृष्टिकोण की ओर बढ़ें।

रिलेटेड पोस्ट्स