तीरंदाजी में भूमि सम्राट ने साधा स्वर्ण पदक पर निशाना

स्वर्णिम सफलता हासिल कर बढ़ाया कानपुर का गौरव
खेलपथ संवाद
कानपुर।
प्रयागराज में चल रही 66वीं राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कानपुर महानगर की होनहार तीरंदाज भूमि सम्राट ने स्वर्ण पदक पर निशाना साधकर शहर को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में 13 मंडलों के करीब 500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। इस प्रदर्शन के आधार पर भूमि का चयन फरवरी में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। 
इससे पहले माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। प्रतियोगिता में कानपुर शहर के 16 खिलाड़ी शामिल हुए। इसमें पहली उपलब्धि भूमि को मिली है। पनकी निवासी दुर्गेश कुमार राव सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। बड़ी बेटी स्नेहिल व बेटा शार्दुल क्रिकेटर हैं। छोटी बेटी भूमि ने प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग में रिकर्व राउंड की स्पर्धा में प्रतिभाग किया था। उसने 720 में 569 अंक प्राप्त किए।
पिता दुर्गेश ने बताया कि भूमि ने 2018 में तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया था। चार माह तक प्रशिक्षण प्राप्त कर वाराणसी में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और रजत पदक जीता। इसके बाद 2018 में ही आंध्र प्रदेश में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ऑल इंडिया में चौथी रैंक हासिल की। वहीं, 2022 में फिर आंध्र प्रदेश में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर 13वीं रैंक प्राप्त की थी। उन्होंने बताया कि भूमि अब आठ व नौ जनवरी को आंध्र प्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने जा रही है। इस उपलब्धि पर कानपुर तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव, मोहित दुबे, अभिषेक कुमार, वैभव गौड़ ने भूमि को बधाई दी है।

रिलेटेड पोस्ट्स