प्रतिभा हो तो जोधपुर की पूजा जैसी

विराट कोहली ने दिया था फ्लैट
धोनी और अमिताभ बच्चन भी हैं फैन
खेलपथ संवाद
जोधपुर।
भारत में एक से बढ़कर एक प्रतिभाएं हैं जरूरत है उन्हें सिर्फ प्रोत्साहन की। जोधपुर की पूजा बिश्नोई ने ऐसा कमाल कर दिखाया है जिससे सभी को उस पर नाज है। जिस उम्र में बच्चे अक्सर दोस्तों के साथ खेलना पसंद करते हैं, उस उम्र में पूजा एथलीट बनने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रही है। हाल ही इस बेटी ने एक दो नहीं कुल चार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
जोधपुर जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर गुड़ा बिश्नोइयान गांव की पूजा को अगर इंडिया का सबसे होनहार एथलीट कहें तो शायद गलत नहीं होगा। पूजा के मामा और उनके कोच श्रवण बुड़िया ने एक मीडिया हाउस से हुई बातचीत में उसके जीवन और सफलताओं का जिक्र किया। उनका कहना है कि पूजा यूथ ओलम्पिक 2024 में हिस्सा लेना चाहती है। अपने ख्वाब को पूरा करने के लिए वह कड़ी मेहनत कर रही है।
जोधपुर जिले के गांव गुड़ा बिश्नोईयान में 10 अप्रैल, 2011 को पूजा बिश्नोई का जन्म हुआ। उनके पिता किसान हैं। परिवार का कहना है कि तीन साल की उम्र से ही पूजा ने एथलीट बनने की तैयारियां शुरू कर दी थीं। पूजा बिश्नोई के छोटा भाई कुलदीप भी एथलीट है। पांच साल की उम्र में सिक्‍स पैक एब्‍स बनाकर पूजा दुनिया भर में छा गई। 6 साल की होते होते उसने 48 मिनट में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर ली।
आठ साल की उम्र में तीन किलोमीटर की दौड़ 12.50 मिनट में पूरी की। पूजा बेहतरीन धावक होने के साथ ही तेज गेंदबाज भी है। पूजा के जुनून को देखकर विराट कोहली का फाउंडेशन उसका पूरा खर्च उठा रहा है। फाउंडेशन ने उन्‍हें जोधपुर में फ्लैट भी दिला रखा है। इतनी कम उम्र में सोशल मीडिया पर उनकी काफी फैन फॉलोइंग है। वहीं एमएस धोनी ने उसे मुंबई बुलाया था हालांकि यह मुलाकात एक शूटिंग को लेकर थी।
पूजा का कहना है कि वह 8 घंटे कड़ी प्रैक्टिस करती है। पढ़ाई पर भी उतना ही फोकस है। सुबह कुछ देर प्रैक्टिस करने के बाद स्कूल चली जाती है। फिर शाम को लौटकर रनिंग और बाकी के एक्सरसाइज करती है। पूजा को टीवी देखना काफी पसंद है। पूजा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और ट्विटर पर अपने वर्कआउट और प्रैक्टिस के वीडियो शेयर करती रहती है। सोशल मीडिया पर उसकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है।
एक नजर पर पूजा बिश्नोई की उपलब्धियां
5 साल की उम्र में सिक्स-पैक एब्स वाली दुनिया की पहली छोटी लड़की, 8 साल की उम्र में 3 किलोमीटर की दौड़ 12.50 मिनट में पूरी कर अंडर-10 में विश्व रिकॉर्ड बनाया। 6 साल की उम्र में 48 मिनट में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। दुबई सरकार का आयरन अवॉर्ड मिला। 2019 में वीर दुर्गदास राठौर पुरस्कार। पूजा फिटनेस मॉडल भी है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स