होनहार एथलीट वंशिका का जोरदार स्वागत

कुवैत एशियन यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत शीर्ष पर
खेलपथ संवाद
भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले की गांव धनाना निवासी पोल वॉल्टर वंशिका घनघस ने कुवैत में आयोजित एशियन यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। एथलीट वंशिका का भिवानी पहुंचने पर ग्रामवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। खिलाड़ी वंशिका ने बताया कि आने वाले समय में उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल रहेगा। इस जीत का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, कोच, देश व प्रदेशवासियों और खेलप्रेमियों को दिया है।
गौरतलब है कि एशियाई यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप जोकि 13 से 16 अक्टूबर तक कुवैत में आयोजित हुई थी उसमें भारतीय एथलीट सिरमौर रहे। यह इस मीट का चौथा संस्करण था, जिसमें 35 सदस्यीय भारतीय दल ने प्रतिस्पर्धा की। भारतीय टीम 24 पदकों के साथ एशियाई यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की पदक तालिका में शीर्ष पर रही। इसमें 6 स्वर्ण पदक, 11 रजत पदक और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। चीनी ताइपे की टीम 6 स्वर्ण पदक, एक रजत और दो कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर रही। आपको बता दें कि एशियाई यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत, चीन के बाद दूसरा सबसे सफल देश है। भारत साल 2019 में हांगकांग में आयोजित चैम्पियनशिप के पिछले संस्करण में दूसरे स्थान पर रहा था। 2022 के संस्करण में, कुलदीप कुमार ने ब्वॉयज़ पोल वॉल्ट में भारत के लिए पहला कांस्य पदक जीता। उन्होंने 4.80 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ यह पदक अपने नाम किया। वहीं, भारत का पहला स्वर्ण पदक आकाश यादव ने ब्वॉयज़ शॉटपुट में 19.37 मीटर के प्रयास से जीता।
भारतीय पदक विजेताओं की सूची कुलदीप कुमार (कांस्य) ब्वॉयज़ पोल वॉल्ट, मुब्सीना मोहम्मद (रजत) गर्ल्स लम्बीकूद, आकाश यादव (स्वर्ण) बालक गोलाफेंक, सिद्धार्थ चौधरी (कांस्य) बालक गोलाफेंक, अमित चौधरी (स्वर्ण) 1500 मीटर दौड़, निकिता कुमारी (कांस्य) डिस्कस थ्रो, ईशा जाधव (रजत) 400 मीटर दौड़, अनुष्का कुंभ (कांस्य) 400 मीटर दौड़, अर्जुन (रजत) जैवलिन थ्रो, हिमांशु मिश्रा (कांस्य) जैवलिन थ्रो, सबिता टोप्पो (रजत) 100 मीटर हर्डल, मुराद सिरमन (कांस्य) 400 मीटर हर्डल, मोहम्मद अमन (रजत) हैमर थ्रो, दिव्याश्री (कांस्य) ट्रिपल जम्प, दीपिका (रजत) जैवलिन थ्रो, सुनीता देवी (रजत) 3000 मीटर दौड़, आशा किरण बारला (स्वर्ण) 800 मीटर दौड़, अतुल (स्वर्ण) डिस्कस थ्रो, सरवन केसी (रजत) डिस्कस थ्रो, वंशिका घनघस (रजत) पोल वॉल्ट, एकता डे (रजत) 2000 मीटर स्टीपलचेज़, मुब्सीना मोहम्मद (रजत) हेप्टाथलॉन, भारत (स्वर्ण) बालिका मेडले रिले, भारत (स्वर्ण) बालक मेडले रिले।
रिलेटेड पोस्ट्स