सॉफ्ट टेनिस में जय और आध्या की जोड़ी को स्‍वर्ण

मध्य प्रदेश का 36वें राष्ट्रीय खेलों में फीका प्रदर्शन
खेलपथ संवाद
गांधीनगर।
गुजरात में आयोजित 36वें राष्‍ट्रीय खेलों की सॉफ्ट टेनिस स्पर्धा में मध्य प्रदेश के जय मीणा और आध्‍या तिवारी की जोड़ी ने जोरदार प्रदर्शन कर स्‍वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश अभी तक कुल 66 पदकों के साथ तालिका में सातवें स्‍थान पर है। पिछले दो आयोजनों की सफलता को देखते हुए इस बार का प्रदर्शन फीका ही कहा जाएगा। मध्य प्रदेश ने 34वें राष्ट्रीय खेलों में 102 तथा 35वें राष्ट्रीय खेलों में 91 मेडल जीते थे। 
मंगलवार को खेले गए सॉफ्ट टेनिस के मिक्स डबल्स इवेंट में जय मीणा और आध्या तिवारी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया। वुशू के खिलाड़ियों ने दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। मध्यप्रदेश की वुशू खिलाड़ी नम्रता बत्रा ने 52 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया, वहीं पूर्वी सोनी ने चैन क्वान में रजत और साक्षी जाटव ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
मध्यप्रदेश की महिला हॉकी टीम ने 36वें राष्ट्रीय खेलों में कांस्य पदक अपने नाम किया। मध्यप्रदेश ने झारखंड को 5-2 से हराकर यह पदक हासिल किया। महिला हॉकी का स्वर्ण हरियाणा तथा रजत पदक पंजाब ने जीता है। मध्यप्रदेश की सपना पाल ने योगासन ट्रेडिशनल इवेंट में कांस्य पदक पर कब्जा किया। कयाकिंग में के-1 के 200 मीटर इवेंट में नितिन वर्मा ने भी कांस्य पदक जीता है।
एक दिन पहले मध्यप्रदेश के प्रणव कोरी ने हैंगिंग मलखम्ब में स्वर्ण, पोल मलखम्ब में सिद्धि गुप्ता ने स्वर्ण पदक और रोप मलखम्ब में रजत पदक हासिल किया। मध्यप्रदेश के राजवीर पवार ने रोप मलखम्ब में रजत पदक जीता। मध्यप्रदेश के मलखम्ब खिलाड़ी चंद्रशेखर चौहान ने रोप और पोल मलखम्ब इवेंट में क्रमशः 1-1 कांस्य पदक हासिल किया। मध्यप्रदेश के जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस पुरुष सिंगल्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिलाओं के सॉफ्ट टेनिस सिंगल्स में मध्यप्रदेश की आध्या तिवारी ने रजत पदक जीता।
मध्य प्रदेश के कयाकिंग एवं कैनोइंग खिलाड़ियों ने रजत पदक पर अपना कब्जा जमाया। कैनोइंग सी-2 के 500 मीटर महिलाओं के इवेंट में मध्यप्रदेश की कावेरी ढीमर और शिवानी वर्मा ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा के-4 के 500मीटर इवेंट में सुषमा वर्मा, दिमिता देवी, स्वाती साहू और दीपाली के ग्रुप ने रजत पदक हासिल किया। पुरूषों के के-4 के 500मीटर कैनोइंग इवेंट में विशाल दांगी, अक्षित बरोई, रिमसन मरियमबाम और हिमांशु टंडन ने रजत पदक हासिल किया। मध्यप्रदेश के वुशू खिलाड़ियों दावशू गुनशू और रोहित जाधव ने ऑलराउंड इवेंट में रजत पदक हासिल किया। मध्यप्रदेश की भूरक्षा दुबे ने जियानशू क्यांगशू इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया।

रिलेटेड पोस्ट्स