हरियाणा के तीरंदाजों ने जीते पांच स्वर्ण पदक

गुजरात में 36वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन
कुश्ती में 12 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक जीते
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद।
गुजरात में चल रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी उम्दा प्रदर्शन कर राज्य के नाम नई-नई उपलब्धियां जोड़ रहे हैं। तीरंदाजी टीम ने अपना जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए चैम्पियन का खिताब जीता है। टीम ने 5 गोल्ड मेडल जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। इससे पहले हरियाणा नेटबॉल खेल में ओवरऑल चैम्पियन बन चुका है।
तीरंदाजी में लड़कियों के एकल रिकर्व मुकाबलों में संगीता मलिक ने स्वर्ण, टीम वर्ग में संगीता मलिक, प्रीति, भजन कौर और अवनि मलिक ने स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा, मिक्स्ड टीम में भजन कौर और आकाश मलिक ने स्वर्ण पदक जीता है। लड़कों के रिकर्व वर्ग में अभिजीत मलिक, आकाश मलिक, बसंत और सागर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, कंपाउंड राउंड में ऋषभ यादव ने स्वर्ण पदक जीत कर हरियाणा का मान बढ़ाया है। तीरंदाजी टीम की इस उपलब्धि पर कोच मनजीत मलिक, नीरज वशिष्ठ, ज्योति मलिक और टीम मैनेजर मुनीत बेरवाल ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
हरियाणा के खाते में 75 पदक
राज्य के खिलाड़ियों का नेशनल गेम्स में पदक जीतने का सिलसिला लगातार जारी है। सात अक्टूबर तक हरियाणा के खाते में 29 स्वर्ण पदक, 23 रजत और 23 कांस्य पदक दर्ज हो चुके हैं। अभी तक हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक्युएटिक्स में 1 रजत और 1 कांस्य पदक, तीरंदाजी में 5 स्वर्ण पदक, एथलेटिक्स में 3 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक, साइकिलिंग में 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक, फेंसिंग में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक, कबड्डी में 2 कांस्य पदक, नेट बॉल में 2 स्वर्ण, रोइंग में 3 रजत और 1 कांस्य पदक, रग्बी में 1 स्वर्ण पदक, शूटिंग में 2 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक, टेबल टेनिस में 1 रजत पदक, टेनिस में 1 कांस्य पदक, वेटलिफ्टिंग में 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक, कुश्ती में 12 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक जीते हैं।
लड़कियों की हॉकी टीम सेमीफाइनल में
हॉकी के पूल मैचों में लड़कियों की टीम ने लगातार जीत दर्ज कर अब सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 9 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। उम्मीद है कि वे अपने विजय रथ को कायम रखते हुए फाइनल मुकाबला भी जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा करेंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स