इंदौर के तैराक अद्वैत पागे ने एमपी को दिलाया स्वर्ण

दुर्गा महाष्टमी को मध्य प्रदेश की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
राष्ट्रीय खेलों में किराए की स्वप्ना बर्मन ने फिर जीता स्वर्ण
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद।
गुजरात में खेले जा रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों के चौथे दिन मध्य प्रदेश की बेटियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मेडल सूची में प्रदेश को 11वें स्थान पर पहुंचाया।सोमवार को मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक समेत कुल नौ पदक जीते। दुर्गा महाष्टमी के मौके पर प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाते हुए तीन स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि एक पुरुष खिलाड़ी ने भी स्वर्ण पदक जीता। साथ ही प्रदेश के खिलाड़ियों ने शूटिंग, डायविंग, रोइंग में 4 रजत पदक भी हासिल किए। इसके अलावा फ़ेन्सिंग में मध्यप्रदेश ने कांस्य पदक अर्जित किया।
36वें राष्ट्रीय खेलों में सोमवार को मूलतः पश्चिम बंगाल की रहने वाली व मध्य प्रदेश से खेल रही एथलीट स्वप्ना बर्मन ने एक बार फिर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। स्वप्ना बर्मन ने हेप्टाथलान में कुल 5663 पॉइंट के साथ स्वर्ण पदक अर्जित किया। हेप्टाथलान में खिलाड़ी को सात अलग-अलग इवेंट जिसमें 100 मीटर हर्डल्स, हाई जम्प, शॉटपुट, 200 मीटर रेस, लॉन्गजम्प, जेवलिन थ्रो और 800 मीटर दौड़ शामिल हैं। स्वप्ना ने इससे पहले ऊंचीकूद में भी स्वर्णिम सफलता हासिल की थी। मध्यप्रदेश के तैराक अद्वैत पागे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर फ्री स्टायल स्वीमिंग में प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाने में कामयाबी हासिल की।
मध्यप्रदेश की जल परियों ने चौथे दिन भी अपना हुनर दिखाते हुए रोइंग के दो अलग-अलग इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किये। मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी ऑफ एक्सिलेंस की विंध्या संकेत और रुकमणी ने महिला डबल स्कल में हरियाणा और ओडिशा को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं दूसरे इवेंट में महिलाओं के Cox-4 में अकादमी की विंध्या संकेत, पूनम, खुशप्रीत कौर और रुकमणी ने बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
राष्ट्रीय खेलों की रोइंग स्पर्धा में मध्यप्रदेश के पुरूष खिलाड़ियों ने दो अलग-अलग इवेंट में रजत पदक हासिल किये। पुरूषों के Cox-8 इवेंट में गोपाल ठाकुर, अंश तिवारी, अमन राठौर, कुलदीप सिंधाव, सोयल, रोहित सिंधाव, अमित कुमार और लकी ने रजत पदक हासिल किया। इसके अतिरिक्त रोइंग में ही लाइटवेट मैन्स डबल्स में तरुण दांगी और प्रभाकर राजावत ने रजत पदक अर्जित किया।
प्रदेश की पलक शर्मा ने स्प्रिंग बोर्ड डायविंग में रजत पदक हासिल किया। सोमवार को शूटिंग के स्कीट मिक्स इवेंट में भी मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी ऑफ एक्सिलेंस के अर्जुन ठाकुर और वंशिका तिवारी ने रजत पदक पर निशाना साधा। मध्यप्रदेश फ़ेन्सिंग एकेडमी ऑफ़ एक्सिलेंस की अरुणिमा, अचिन, मारिया और संजना ने फ़ोईल इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया। राष्ट्रीय खेलों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा खेली गई प्रतियोताओं में अब तक 7 स्वर्ण, 7 रजत और 11 कांस्य पदक के साथ कुल 25 पदक हासिल कर मध्यप्रदेश 11वें स्थान पर है।

रिलेटेड पोस्ट्स