बुरे फंसे यूपी ओलम्पिक संघ के सचिव आनंदेश्वर पांडेय

अलग-अलग महिलाओं संग आपत्तिजनक फोटोज वायरल
सीएम पोर्टल पर हुई पांडेय की शिकायत
पांडेय ने भी छवि खराब करने की शिकायत दर्ज करवाई
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के सचिव आनंदेश्वर पांडेय की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उनके अलग-अलग महिलाओं संग आपत्तिजनक फोटोज जहां वायरल हुए हैं वहीं इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोर्टल पर भी हुई है। हाल ही एक महिला हैंडबाल खिलाड़ी ने भी आनंदेश्वर पांडेय की शिकायत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर से पत्र के माध्यम से की है। यद्यपि पांडेय ने भी छवि खराब करने की शिकायत दर्ज करवाई है।
उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के सचिव आनंदेश्वर पांडेय गहरे विवाद में फंस चुके हैं। इंटरनेट पर अलग-अलग महिलाओं संग उनकी कई तस्वीरें वायरल हो चुकीं हैं। फोटोज इतनी आपत्तिजनक हैं कि उसे हम भी आपको जस की तस नहीं दिखा सकते। अब बदनामी के साथ-साथ आनंदेश्वर पांडेय का करियर भी दांव पर नजर आ रहा है। सीएम पोर्टल में भी उनकी शिकायत दर्ज हो चुकी है।
इस मामले को लेकर कार्यालय क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम ने जिला अधिकारी को पत्र भी लिखा है। पत्र में लिखा गया विकास यादव के द्वारा अवगत कराया गया है कि उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के सचिव आनंदेश्वर पांडे के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में निवास कर रहे हैं। बगल में ही गर्ल्स हॉस्टल है। एक फोटो में तो आनंदेश्वर पांडेय भारतीय टीम के किट में नजर आ रहे हैं। इससे राज्य और देश दोनों की छवि खराब हो रही है। उक्त मामले में सचिव उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ से आख्या मांगी गई है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अजय कुमार सेठी ने जिलाधिकारी को प्रेषित पत्र में लिखा है कि आख्या प्राप्त होते ही इस कार्यालय द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी अतः आपसे अनुरोध है कि उक्त प्रकरण आईजीआरएस पोर्टल से विलोपित करने का कष्ट करें।
पांडेय बोले- मेरे खिलाफ षड्यंत्र
मीडिया से बातचीत में आनंदेश्वर पांडेय ने इसे षड्यंत्र बताया। साथ ही आईओए के कुछ पदाधिकारियों पर छवि धूमिल करने का भी आरोप लगाया। साथ ही पांडेय ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर से सोशल मीडिया पर छवि खराब करने की शिकायत भी की है। पांडेय का आरोप है कि भारतीय ओलम्पिक संघ के कुछ समय में चुनाव होने वाले हैं, जिसमें वह भाग लेने वाले हैं, लेकिन संघ के कुछ पूर्व व मौजूदा पदाधिकारियों ने उन्हें बदनाम करने के इरादे से साजिश रची है।
कौन हैं आनंदेश्वर पांडेय
आनंदेश्वर पांडेय लम्बी दूरी के राष्ट्रीय धावक रह चुके हैं। बतौर हैंडबॉल खिलाड़ी अपने करियर की शुरुआत करने वाले पांडेय ने पहली बार 1977-78 में हैदराबाद में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधत्व किया था। बाद में प्रदेश स्तर पर राज्य खेल संघों के साथ मिलकर कुश्ती, हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स की नेशनल-इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक आयोजन भी किया। यूपी सरकार ने 2016 में उन्हें यश भारती पुरस्कार से नवाजा था।

 

रिलेटेड पोस्ट्स