राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता होंगे सम्मानित

उत्तर प्रदेश सरकार बनाएगी राजपत्रित अधिकारी
देगी पांच करोड़ 25 लाख रुपये 
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने और पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को सम्मानित करेगी। इतना ही नहीं पदक विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी बनाया जाएगा। इन खेलों में पदक जीतने वाले आठ पदक विजेताओं को पांच करोड़ और प्रतिनिधित्व करने वाले पांच खिलाड़ियों को 25 लाख रुपये की धनराशि बांटी जाएगी। साथ ही आठ पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे राजपत्रित अधिकारी पद देने का भी प्रावधान है।
जारी शासनादेश के अनुसार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य जीतने पर क्रमश: डेढ़ करोड़, 75 लाख और 50 लाख रुपये दिए जाने प्रावधान है। साथ ही खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को पांच लाख रुपये दिया जाएगा। पदक विजेताओं की बात की जाए तो 10 किलोमीटर पैदल चाल में मेरठ की प्रियंका गोस्वामी ने रजत पदक जीता है। रजत जीतने वालों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य आगरा की दीप्ति शर्मा और बिजनौर की मेघना सिंह भी शामिल हैं।
रजत पदक की श्रेणी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम में शामिल वाराणसी के ललित उपाध्याय ने भी अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा वाराणसी के जूडोका विजय कुमार यादव, मुजफ्फरनगर की पहलवान दिव्या काकरान, मेरठ की भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी एवं महिला हॉकी टीम की सदस्य मेरठ की वंदना कटारिया ने देश के लिए कांस्य पदक जीता। पदकवीरों के अतिरिक्त खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वालों में मेरठ की सीमा पूनिया (डिस्कस थ्रो), वाराणसी की भारोत्तोलक पूनम यादव एवं पूर्णिमा यादव, जौनपुर के भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव और संभल की हैमर थ्रो खिलाड़ी सरिता यादव शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया उत्तर प्रदेश का गौरव
प्रियंका गोस्वामी पैदल चाल- मेरठ, दीप्ति शर्मा क्रिकेट- आगरा, मेघना सिंह क्रिकेट- बिजनौर, ललित उपाध्याय हॉकी- वाराणसी, विजय यादव जूडो- वाराणसी, दिव्या काकरान कुश्ती- मुजफ्फर नगर, अन्नू रानी भाला फेंक- मेरठ, वंदना कटारिया हॉकी- मेरठ।

रिलेटेड पोस्ट्स