रांची की सुजाता भकत ने नीदरलैंड में फहराया तिरंगा

विश्व पुलिस खेलों में जीते दो चांदी के पदक

खेलपथ संवाद

रांची। अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्जनों पदक जीत चुकी झारखण्ड की रांची निवासी पॉवरलिफ्टर सुजाता भकत ने नीदरलैंड के रॉटरडैम में चल रहे वर्ल्ड पुलिस एण्ड फायर गेम्स में दो चांदी के पदक जीतकर समूचे हिन्दुस्तान को गौरवान्वित किया। सुजाता को इन खेलों में स्वर्ण पदक न जीत पाने का मलाल जरूर है लेकिन उनकी यह कामयाबी भी कम नहीं कही जा सकती।

22 जुलाई से रॉटरडैम (नीदरलैंड) में शुरू हुए वर्ल्ड पुलिस एण्ड फायर गेम्स में सुजाता ने बेंच प्रेस के 84 किलोग्राम भारवर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। पहले स्थान पर जर्मनी की पॉवरलिफ्टर रही। मंगलवार को हुई एक अन्य स्पर्धा में सुजाता भकत ने फिर से रजत पदक जीतकर समूचे देश को गौरवान्वित किया। इस विधा का स्वर्ण पदक जर्मनी की सिल्विया वुडरलिच ने जीता।

खेलपथ से बातचीत में सुजाता भकत ने कहा कि उन्होंने स्वर्ण पदक जीतने की पुरजोर कोशिश की लेकिन सफलता न मिल पाने का उन्हें अफसोस है। जो भी हो सुजाता की इस शानदार सफलता से हर झारखंडवासी खुश है। सुजाता भकत की जहां तक बात है, यह सामाजिक क्षेत्र में भी महिलाओं के उत्थान की दिशा में प्राणपण से लगी रहती हैं। कई जवाबदेहियों का निर्वहन करते हुए खेलों को समय देना बहुत बड़ी बात है। बचपन में सुजाता एक शानदार एथलीट रही हैं।

इसी तरह भारत की ही आरती ने जूडो में चांदी का तमगा जीतने में सफलता हासिल की। आरती सीआरपीएफ में हैं फिलहाल वह दिल्ली के झाड़ौदा केंद्र में तैनात हैं। आरती के पति चंद्रप्रकाश ने बताया कि उनकी पत्नी के विश्व पुलिस खेलों में चांदी का पदक जीतने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और सभी लोग आरती की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले भी आरती ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जूडो में पांच पदक जीते हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स