तीरंदाजी में हरियाणा को गोल्ड समेत 2 और पदक

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021
खेलपथ संवाद
मनीमाजरा (चंडीगढ़)।
हरियाणा की लड़कियों ने एक बार फिर खेलों में अपना लोहा मनवाते हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान पंजाब विश्वविद्यालय के शूटिंग ग्राउंड में आयोजित फाइनल तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में पूरी तरह से अपना दबदबा कायम रखा है। महिलाओं की रिकर्व तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में करनाल की रिद्धि ने स्वर्ण पदक तथा रोहतक की तमन्ना ने रजत पदक जीता। हरियाणा की सीनियर कोच पूजा खन्ना जो कि पैरालम्पियन भी हैं, ने कहा कि दोनों खिलाडिय़ों ने महिला रिकर्व तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। 
उन्होंने बताया कि इससे पहले दोनों अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भाग लिया था और स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा, पंजाब की अवनीत ने भी महिला रिकर्व तीरंदाजी में रजत पदक प्राप्त किया। इसी प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश की मडाला सूर्या हम्सिनी और मध्य प्रदेश की वितासा ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया है। चंडीगढ़ के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह द्वारा सभी पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा के अब तक सर्वाधिक 118 पदक हैं जिसमें 41 गोल्ड, 36 सिल्वर और 42 कांस्य पदक हैं। महाराष्ट्र 41 गोल्ड लेकर हरियाणा के बराबर चल रहा है लेकिन कुल पदकों में वह हरियाणा से पीछे चल रहा है जिसके कुल 107 मेडल हैं।
तैराकी में वीर खटकड़, वंश पन्नू को सोना 
अम्बाला। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत आज तैराकी प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने 50 मीटर फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित भी किया। खेलों इंडिया यूथ गेम्स के तहत आज तैराकी की विभिन्न प्रतियोगिताओं के तहत 50 मीटर फ्री स्टाइल में रोहतक के वीर खटकड़ ने गोल्ड मेडल जीता। इसी प्रकार 50 मीटर पुरुषों की ब्रेस्टस्ट्रोक प्रतियोगिता में हरियाणा के वंश पन्नू ने गोल्ड मेडल जीता तथा 4 गुणा 100 मीटर फ्री स्टाइल में हरियाणा ने तीसरा स्थान हासिल किया। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस मौके पर खेलो इंडिया यूथ गेम्स के यहां पर सफलतापूर्वक आयोजन की बधाई दी। 
समापन आज, राज्यपाल आयेंगे
पंचकूला के इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम में सोमवार सांय पांच बजे से खेलो इंडिया यूथ गेम्स के समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि होंगे जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि होंगे। इस अवसर पर अम्बाला से सांसद रतन लाल कटारिया, खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक और उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चैटाला भी उपस्थित रहेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स