शूटिंग में तीन स्वर्ण के साथ हरियाणा बना ओवरऑल चैम्पियन

मेजबान शुटरों ने सात पदकों पर किया कब्जा
खेलपथ संवाद
पंचकूला।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के अंतर्गत दिल्ली में चल रही शूटिंग प्रतियोगिताओं में हरियाणा ओवरऑल चैम्पियन बनकर उभरा है। गुरुवार को लड़कियों के 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल मुकाबले में हरियाणा की रमिता ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। जबकि हर्षिता ने कांस्य पदक जीता है। रजत पदक राजस्थान की देवांशी के खाते में गया है। 
गुरुवार को जीते गए पदक के साथ शूटिंग प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खाते में तीन स्वर्ण सहित कुल सात पदक आए हैं। इनमें हरियाणा के तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। शूटिंग में लड़कियों की 10 मीटर एयर पिस्टल में क्लीन स्वीप करते हुए हरियाणा ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। लड़कों की 10 मीटर एयर पिस्टल में भी स्वर्ण और सिल्वर मेडल हरियाणा ने जीते। लड़कियों की 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण और कांस्य पदक हरियाणा के खाते में आए। जबकि शूटिंग की पदक तालिका में पश्चिम बंगाल एक स्वर्ण और एक रजत के साथ दूसरे स्थान पर रहा। 
वेटलिफ्टिंग में हरियाणा ने गाड़े झंडे
वेटलिफ्टिंग में हरियाणा की झोली में एक और स्वर्ण पदक आया। आशीष ने 102 किलोग्राम भार वर्ग के वेटलिफ्टिंग इवेंट में स्वर्ण पदक जीता है, जबकि उत्तर प्रदेश के गौतम सिंह ने रजत जीता और चंडीगढ़ के परमवीर सिंह को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
बॉक्सिंग में हरियाणा की जीत से हुई शुरुआत
बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में हरियाणा की जीत से शुरुआत हुई है। लड़कियों के बॉक्सिंग मैच में हरियाणा की गीतिका ने चंडीगढ़ की नेहा को पराजित कर जीत दर्ज की। एक अन्य मैच में हरियाणा की तमन्ना ने चंडीगढ़ की काजल को हराया। लड़कों के बॉक्सिंग मैच में हरियाणा के आशीष ने मिजोरम के जोराम्मुआना को हराया। सभी विजेता खिलाड़ी इस जीत के साथ अगले राउंड में पहुंच गए हैं। 
एथलेटिक्स में झारखंड के दो स्वर्ण पदक  
सेक्टर-3 के ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के एथलेटिक्स ग्राउंड में गुरुवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स में एथलेटिक्स के दौड़, रिले रेस, हाईजंप, लांग जंप के फाइनल मुकाबले खेले गए। लड़कियों के 800 मीटर दौड़ में झारखंड की आशा किरण और लड़कों में तमिलनाडु के प्रदीप ने स्वर्ण पदक जीता है। वहीं, लड़कियों की 3000 मीटर दौड़ में सुप्रीति और लड़कों में राजस्थान के रवदीप ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। इसके अलावा 400 मीटर रिले रेस में गोल्ड महाराष्ट्र की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
आज से स्वदेशी खेल कलरीपायट्टू होगा आगाज 
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के लॉ ग्राउंड के पास बने खेल मैदान पर शुक्रवार को तीरंदाजी का आगाज होगा। तीन दिवसीय टूर्नामेंट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खेलो इंडिया से तीरंदाजी के खेल के अधिकारी, तकनीकी ऑफिशल्स, मैच रेफरी और चीफ मैच ऑफिसर पहुंच चुके हैं। वहीं खिलाड़ी भी शहर पहुंच चुके हैं। ये मुकाबले 10 से 13 जून तक चलेंगे।
तीरंदाजी के लिए मैदान पर 15 टारगेट लगाए जा चुके हैं। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी टारगेट पर निशाना साधेंगे। इन टारगेट को विशेषज्ञों की मदद से लगाया गया। वहीं ग्राउंड स्टॉफ ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीरंदाजी के लिए देशभर से युवा खिलाड़ी शिरकत करेंगे। बता दें कि इस बार 64 खिलाड़ी पीयू के आर्चरी टूर्नामेंट में टारगेट पर निशाना साधते हुए एक्शन में दिखाई देंगे।
स्वदेशी खेल कलरीपायट्टू को पहली बार शामिल किया गया है। ऐसा माना जाता है कि इस परंपरागत कलरीपायट्टू खेल से प्राचीन काल में मार्शल आर्ट्स का उदय हुआ और इस प्रकार कलरीपायट्टू को मार्शल आर्ट्स की जननी भी कहा जाता है। ऐसा भी माना जा रहा है कि इस खेल की शुरुआत भगवान परशुराम ने की थी।  यह खेल 10 जून से 13 जून के बीच आयोजित होगा। कलरीपायट्टू प्रतियोगिता में 13 राज्यों के करीब 200 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिसमें हरियाणा से 5 खिलाड़ी शामिल हैं। इस स्वदेशी खेल में विशेष प्रकार के मुद्राओं व शरीर के आकार बनाकर संघर्ष किया जाता है।
आईटीबीपी के महानिरीक्षक ने खो -खो प्रतियोगिता का किया उद्घाटन 
ताऊ देवी लाल स्टेडियम में खो-खो प्रतियोगिता का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र भारत तिब्बत सीमा पुलिस के महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दूहन उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि खो-खो खेलने से हमारे शरीर का पूर्ण रूप से विकास होता है। हमारे पैरों की मांसपेशियां बहुत ही मजबूत हो जाती हैं। प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र आईटीबीपी भानू में भी खो-खो प्रतियोगिता के लिए टीम लगातार अभ्यास कर रही है ताकि भविष्य में टीम इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग ले सके।
खो-खो: 13 राज्यों की 16 टीमें कर रहीं शिरकत 
पंचकूला के सेक्टर-3 के ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गुरुवार को परंपरागत खेल खो-खो की शुरूआत हुई। इसमें 13 राज्यों की 16 टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। हरियाणा से लड़के और लड़कियों की दो टीमें भाग ले रही हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खो-खो की प्रतियोगिताएं 9 से 13 जून के बीच संचालित की जाएंगी।
खो-खो को खेलो इंडिया यूथ गेम्स में चौथी बार शामिल किया गया है। खो-खो के प्रतियोगिता मैनेजर सुमित भाटिया ने बताया कि इस खेल का उदय महाभारत काल के दौरान ही हो गया था। ऐसा माना जाता है कि खो-खो की उत्पत्ति अभिमन्यु चक्र से प्रेरित होकर हुई थी। भाटिया के अनुसार खो-खो को पहले बिना पोल के खेला जाता था, परंतु इसके नियमों में लगातार सुधार किया गया और अब इसमें पोल को जोड़ा गया।
पंजाब-मिजोरम का मैच ड्रा, वेस्ट बंगाल को हराकर मेघालय जीता
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गुरुवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के खेल मैदान पर फुटबॉल टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के पहले मैच में मेघालय ने वेस्ट बंगाल को 4-1 से हराया। दूसरे मैच में मिजोरम और पंजाब के बीच मैच ड्रा रहा। पहले हॉफ में मेघालय की टीम 1-0 से आगे रही। दूसरे हॉफ के बाद मेघालय ने तीन और गोल दागकर मैच जीत लिया। वहीं वेस्ट बंगाल की टीम से एकमात्र गोल समीर ने किया। मेघालय के कैनी नोल ने एक गोल, गैलनी ने दो गोल और फैशुगी ने एक गोल दागा। 
दिन का दूसरा मैच मिजोरम और पंजाब के बीच खेला गया। पहले हॉफ तक दोनों टीमों में से किसी ने कोई गोल नहीं दागा। दूसरे हॉफ में भी टीमें गोल करने में विफल रहीं। एक्स्ट्रा टाइम में भी यही स्थिति रही। इसके बाद मैच ड्रा घोषित कर दिया गया।

रिलेटेड पोस्ट्स