कुश्ती के आखिरी दिन भी छाये रहे हरियाणा के छोरे-छोरियां

खेलो इंडिया यूथ गेम्सः 5 में से 4 गोल्ड हरियाणा के नाम
दो गोल्ड छोरियों ने जीते
खेलपथ संवाद
पंचकूला।
पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान बुधवार को कुश्ती मैचों के आखिरी दिन भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बरकरार रखा। बुधवार को हुए कुश्ती के फाइनल मुकाबलों में हरियाणा के छोरे व छोरियों ने 5 में से 4 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इसके अलावा, 2 रजत और 2 कांस्य पदकों पर भी कब्जा किया। 
लड़कों की 80 किलोग्राम भार वर्ग फ्री स्टाइल कुश्ती के फाइनल में हरियाणा के सागर जागलान ने उत्तर प्रदेश के प्रवीन कुमार यादव को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया जबकि दिल्ली के मुकुल ने कांस्य पदक जीता। इसी प्रकार 92 किलोग्राम भार वर्ग ग्रीको रोमन कुश्ती में हरियाणा के साहिल ने दिल्ली के विशाल को मात देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। 
लड़कियों की 53 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा की अंतिम प्रथम रही। कुश्ती का फाइनल हरियाणा की अंतिम और महाराष्ट्र की कल्यानी पांडुरंग के मध्य हुआ, जिसमें कल्यानी को हराकर अंतिम गोल्ड मेडल विजेता बनी। लड़कियों के 65 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा की पुलकित ने हरियाणा की ही खिलाड़ी अंजलि को हराकर गोल्ड मेडल जीता। इसी तरह हरियाणा ने एथलेटिक्स में भी गोल्ड मेडल हासिल किए हैं। बुधवार को हुई 110 मीटर हर्डल रेस में मोहित ने गोल्ड मेडल जीता। 
हरियाणा पदक तालिका में सबसे आगे
हरियाणा खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक तालिका में अभी तक सबसे आगे चल रहा है। बुधवार तक हरियाणा को 87 पदक हासिल हुए हैं जिनमें 30 गोल्ड, 23 सिल्वर और 34 कांस्य पदक शामिल हैं। हरियाणा ने कुश्ती में 16 गोल्ड, 10 सिल्वर और 11 कांस्य, योगासन में एक गोल्ड, पांच कांस्य पदक, साइकिलिंग में दो गोल्ड व 6 कांस्य पदक जीते हैं। गतका में हरियाणा को एक गोल्ड व तीन सिल्वर मेडल मिल चुके हैं। शूटिंग में दो गोल्ड, दो सिल्वर व एक कांस्य पदक हरियाणा को मिले हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स