युवा पैशन और काबिलियत से खेल में बनाएं अपनी पहचानः कुलपति प्रो. राजबीर सिंह

रोहतक में ऑल इंडिया  इंटर यूनिवर्सिटी ग्रेपलिंग प्रतियोगिता का शुभारम्भ  

भारतीय कुश्ती संघ की अगुआई वाली ग्रेपलिंग कमेटी आफ इंडिया के रेफरी और आफीशियल्स दे रहे सेवाएं

खेलपथ संवाद

रोहतक। जज्बा, जुनून और मेहनत से हर सफलता मिलेगी। युवा पैशन और काबिलियत से खेल में अपनी पहचान बनाएं। यह उद्गार महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने गुरुवार को डॉ. मंगल सेन मल्टीपर्पज हॉल में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी ग्रेपलिंग स्पोर्ट्स (मैन एण्ड वूमेन) प्रतियोगिता के शुभारम्भ अवसर पर व्यक्त किए। हम आपको बता दें कि इस प्रतियोगिता में भारतीय कुश्ती संघ की अगुआई वाली ग्रेपलिंग कमेटी आफ इंडिया के रेफरी और आफीशियल्स अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसमें उत्तर प्रदेश ग्रेपलिंग एसोसिएशन के सचिव मनोज यादव और लक्ष्मण अवॉर्डी रविकांत मिश्रा आदि की भूमिका भी अहम है।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने उपस्थित खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए खेल में अपना सौ प्रतिशत देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जीवन में कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास बहुत जरूरी है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाले देशभर के विश्वविद्यालयों से आए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने इस प्रतियोगिता के शुभारम्भ की घोषणा की।

उन्होंने एमडीयू खेल निदेशक डॉ. देवेन्द्र सिंह ढुल तथा उनकी टीम को विश्वविद्यालय को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बधाई दी। डीन स्टूडेंट वेल्फेयर प्रो. राजकुमार कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। खेल निदेशक डॉ. देवेन्द्र सिंह ढुल ने प्रारम्भ में स्वागत भाषण दिया और एमडीयू की खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डॉ. ढुल ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा अंत में आभार जताया। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित हरियाणवी गायक रामकेश जीवनपुरिया ने हरियाणवी संस्कृति को रेखांकित करते हुए हरियाणवी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने इस अवसर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एमडीयू खेल परिषद की पूर्व अध्यक्ष डॉ. कृष्णा चौधरी, छात्र गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए डीन, स्टूडेंट वेल्फेयर प्रो. राजकुमार, कुश्ती के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रो. आरपी गर्ग, विश्वविद्यालय इंफ्रास्ट्रक्चर में योगदान के लिए अधिशासी अभियंता जे.एस. दहिया तथा हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लोक कलाकार रामकेश जीवनपुरिया को सम्मानित किया।

इस अवसर पर उप निदेशक खेल डॉ. शंकुतला बेनीवाल, इंडियन फेडरेशन आफ ग्रेपलिंग के पदाधिकारी बलविंदर सिंह, पीआरओ पंकज नैन समेत एमडीयू के खेल प्रशिक्षक, प्रतियोगिता में भाग ले रही टीमों के कोच एवं मैनेजर, खिलाड़ी, रेफरी तथा आफीशियल्स उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश ग्रेपलिंग एसोसिएशन के सचिव मनोज कुमार यादव ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में देश के कुल 26 जजों और रेफरियों को शामिल किया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश के लक्ष्मण अवार्डी रविकांत मिश्रा भी शामिल हैं। इसी के साथ ही लम्बे समय से चली आ रही ऊहापोह की स्थिति का भी निराकरण हो गया यानि भारतीय कुश्ती संघ की अगुआई वाली ग्रेपलिंग कमेटी आफ इंडिया के असली होने पर भी मुहर लग गई है।   

रिलेटेड पोस्ट्स