एमपी एकेडमी ने खालसा हॉकी एकेडमी अमृतसर को हराया

खेलो इंडिया अंडर-21 वूमेन हॉकी लीग फाइनल फेज
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 23 से 30 मार्च तक चल रही खेलो इंडिया अंडर-21 वूमेन हॉकी लीग के फाइनल फेज के मुकाबले में एमपी एकेडमी ने खालसा हॉकी एकेडमी अमृतसर पर 3-2 से जीत दर्ज की। फाइनल फेज के दो पूलों में 10 टीमें भागीदारी कर रही हैं। मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी को पूल-ए में रखा गया है। 
शुक्रवार को खेले गए मुकाबले के पहले क्वार्टर के सातवें मिनट में खालसा हॉकी अकादमी की कप्तान सिमरनजीत कौर ने अपनी टीम के लिए पहला फील्ड गोल कर 1-0 की बढ़त बनाई। इसी क्वार्टर के 14वें मिनट में खालसा हॉकी अकादमी की खिलाड़ी सोनी ने एक फील्ड गोल कर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिलायी। मैच के दूसरे क्वार्टर के 22वें मिनट तथा तीसरे क्वार्टर के 40वें मिनट में म.प्र. अकादमी की कप्तान स्वाती ने शानदार दो फील्ड गोल कर स्कोर 2-2 से बराबरी पर ला दिया। मैच के आखरी क्वार्टर के अंतिम क्षण के 60वें मिनट में म.प्र. अकादमी की खिलाड़ी सोनिया कुमरे ने पेनॉल्टी कार्नर को गोल में बदल कर टीम को 3-2 से विजय दिलायी। 
म.प्र. महिला हॉकी अकादमी की टीम ने 2 जीत और एक ड्रॉ के साथ ग्रुप-ए में 7 अंक अर्जित कर लिए हैं। उल्लेखनीय है कि लीग में 23 मार्च को म.प्र. महिला हॉकी अकादमी की टीम ने जय भारत हॉकी अकादमी को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से परास्त किया तथा 24 मार्च को म.प्र. महिला हॉकी अकादमी का स्पोर्ट्स हॉस्टल भुवनेश्वर की टीम से मुकाबला 3-3 से बराबर रहा। खेलो इंडिया वूमेन हॉकी लीग (अंडर-21) का पहला फेस 15 से 21 दिसम्बर, 2021 तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। जिसमें मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी 12 अंकों के साथ ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर थी। इसका दूसरा फेस लखनऊ में 22 से 28 फरवरी, 2022 तक खेला गया जिसमें म.प्र. महिला हॉकी अकादमी की टीम 11 अंक हासिल कर ग्रुप-बी में पहले स्थान पर रही थी।

रिलेटेड पोस्ट्स