भोपाल फिर बनेगा हॉकी की नर्सरीः मुख्यमंत्री चौहान

औबेदुल्ला खां हैरिटेज कप हॉकी टूर्नामेंट-2022 का शुभारम्भ
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने औबेदुल्ला खां हैरीटैज कप हॉकी टूर्नामेंट का शुभारम्भ करते हुए कहा कि भोपाल कभी हॉकी की नर्सरी था, हम पुनः भोपाल को हॉकी की नर्सरी के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। हॉकी हमारे देश का मान है, भोपाल की शान है और भारत की जनता का सम्मान है। हमारे खिलाड़ी उत्साह से परिपूर्ण हैं, यदि उन्हें उचित रूप से संसाधन और श्रेष्ठ प्रशिक्षक उपलब्ध हों तो भारत एक बार फिर हॉकी का सिरमौर बन सकता है। राज्य शासन हॉकी को बढ़ाने के लिए हरसम्भव प्रयास करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की पहल से ही औबेदुल्ला खां हैरिटेज कप हॉकी टूर्नामेंट पुनः प्रारंभ हो सका है। भोपाल में पांच एस्ट्रोटर्फ स्थापित किए जा रहे हैं। भोपाल को हॉकी हब के रूप में पुनर्जीवित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। पूर्ववर्ती अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अनुभव का भी लाभ लिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्टेडियम परिसर में नाइन मसाला स्पाइस के दो पौधे भी लगाए। प्रतियोगिता शुभारम्भ अवसर पर ओलम्पियन जलालउद्दीन रिजवी, इनाम उर रहमान, प्रमुख सचिव खेल दीप्ति गौड़ मुखर्जी तथा संचालक खेल रवि कुमार गुप्ता भी मौजूद थे।  
ट्रॉफी का अनावरण
मुख्यमंत्री ने औबेदुल्ला खां हैरिटेज कप की ट्रॉफी का भी अनावरण किया। उल्लेखनीय है कि आधुनिक डिजाइन में नवीन ट्रॉफी बनाई गई है। हॉकी का रोमांच इस ट्रॉफी के लिए 27 मार्च तक जारी रहेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा हॉकी टूर्नामेंट की प्रतिभागिता करने वाली इंडियन ऑयल,भारतीय रेलवे,पंजाब एंड सिंध बैंक, आर्मी एकादश, मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी,सीएनजी, जीएसटी एंड सेंट्रल एक्साइज़ चेन्नई, पंजाब पुलिस, इंडियन नैवी, आर्मी ग्रीन, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और मध्य प्रदेश हॉकी एसोसिएशन की टीमों  के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया।
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ताशकंद के उज्बेकिस्तान में आयोजित एशियन फेंसिंग चैम्पियनशिप के ईपी इवेन्ट में रजत पदक प्राप्त खिलाड़ी प्रज्ञा सिंह तथा कांस्य पदक प्राप्त आर्यन सेन, जार्डन में आयोजित एशियन यूथ एवं जूनियर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में कांस्य पदक प्राप्त खिलाड़ी अमन सिंह बिष्ट तथा रजत पदक प्राप्त खिलाड़ी आनंद यादव, आबूधाबी में आयोजित एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप के 4.7 लेजर इवेन्ट में स्वर्ण पदक प्राप्त सेलर रितिका दांगी और कांस्य पदक प्राप्त सेलर नेहा ठाकुर को भी सम्मानित किया।
गौरांशी एवं धनंजय दुबे को 1-1 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री चौहान ने ब्राजील में आयोजित डैफलम्पिक के लिए चयनित म.प्र. बैडमिंटन अकादमी की मूक-बधिर बैडमिंटन खिलाड़ी गौरांशी शर्मा और टेनिस खिलाड़ी धनंजय दुबे को एक-एक लाख रूपये की सम्मान निधि से सम्मानित किया। औबेदुल्ला खां हैरिटेज हॉकी टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में दर्शकों की भारी भीड़ रही।
औबेदुल्ला खां हैरिटेज कप हॉकी टूर्नामेंट का पहला मैच म.प्र. हॉकी अकादमी और जीएसटी हॉकी चेन्नई के मध्य खेला गया। इस मैच का एकमात्र गोल म.प्र. हॉकी अकादमी के खिलाड़ी रजत ने मैच के पहले हॉफ के 14वें मिनट में किया। म.प्र. हॉकी अकादमी ने यह मुकाबला 1-0 से जीता। टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला सेन्ट्रल सेक्रेटिएट और इंडियन नैवी के मध्य खेला गया। मैच के पहले हॉफ के 12 मिनट में इंडियन नैवी के खिलाड़ी पलंगप्पा आई.ई. ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदल कर अपनी टीम के लिए एक गोल किया। इसी हॉफ के 14वें मिनट में सेन्ट्रल सेक्रेटिएट के खिलाड़ी विकास चौधरी ने एक फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। मैच के दूसरे और तीसरे हॉफ में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। मैच के चौथे और अंतिम हॉफ के 49वें मिनट में इंडियन नैवी के खिलाड़ी प्रशांत ने पेनॉल्टी कार्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 2-1 से विजय दिलायी।

 

रिलेटेड पोस्ट्स