मुख्यमंत्री चौहान ने कावेरी ढीमर को दी 11 लाख रूपये की सम्मान निधि

कावेरी ने हाल ही कैनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप में जीते 7 स्वर्ण पदक
खेलपथ संवाद
भोपाल।
हाल ही सम्पन्न 32वीं राष्ट्रीय सीनियर एवं जूनियर कैनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप में म.प्र. राज्य कयाकिंग-कैनोइंग अकादमी की खिलाड़ी कावेरी ढीमर ने प्रदेश की टीम के लिए 7 स्वर्ण पदक अर्जित कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया था। कावेरी की इस उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें अपने निवास कार्यालय पर आमंत्रित कर 11 लाख रूपये की सम्मान निधि का चैक प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ‘‘खेलते जाओ-जीतते जाओ, राज्य सरकार हर कदम पर आपके साथ है।’’ सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
म.प्र. राज्य वाटर स्पोर्ट्स कयाकिंग-कैनोइंग अकादमी की खिलाड़ी कावेरी ढीमर की इस उपलब्धि पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई और कहा कि प्रतिभा को माननीय मुख्यमंत्री जी से सम्मान मिला है, इससे अन्य खिलाड़ी भी प्रोत्साहित होंगे। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर थाईलैण्ड में आयोजित होने वाली एशियन चैम्पियनशिप में कावेरी ढीमर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मजदूर की बेटी कावेरी वर्ष 2017 सेे अकादमी में प्रशिक्षण हासिल कर रही है। सीहोर जिले के ग्राम मंडी की रहने वाली कावेरी को बचपन से ही वाटर स्पोर्ट्स से लगाव रहा है। अकादमी के ट्रायल के बारे में उन्हें पता चला और उन्होंने अकादमी से जुडऩे का फैसला किया। कावेरी ने लगातार मेहनत की और म.प्र. को पदक दिलाए। पिछले तीन वर्ष से कावेरी नेशनल चैम्पियन है। कावेरी टोक्यो ओलम्पिक और एशियन खेलों के क्वालीफायर में भी शामिल रही थी।

रिलेटेड पोस्ट्स