मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने साई-बी को 7-0 से दी शिकस्त

खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग का दूसरा चरण 
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग-2021-22 (अंडर-21) का दूसरा चरण 22 से 28 फरवरी तक लखनऊ, उत्तर प्रदेश में खेला जा रहा है। इस लीग के ग्रुप-बी में मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की टीम ने साई-बी की टीम को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से पराजित कर विजयी शुरूआत की।
मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की खिलाड़ी साधना सेंगर ने पहले क्वार्टर के छठे मिनट में फील्ड गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर के 20वें मिनट में योगिता बोरा तथा 27वें मिनट में भूमिक्षा साहू ने एक-एक फील्ड गोल कर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। मैच के तीसरे क्वार्टर के 37वें मिनट में अकादमी की खिलाड़ी ऋतिका सिंह ने पेनाल्टी कार्नर से एक गोल और 42वें मिनट में एक फील्ड गोल कर टीम को 5-0 की बढ़त दिलाई। मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर में अकादमी की खिलाड़ी नीरज राणा ने 52वें तथा 55वें मिनट में टीम के लिए दो फील्ड गोल किए। इस प्रकार मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने यह मुकाबला 7-0 से जीत लिया। साई-बी की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।
उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग का प्रथम चरण 15 से 21 दिसम्बर, 2021 तक नई दिल्ली में खेला गया था जिसमें मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी 12 अंकों के साथ ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर रही। खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग-2021-22 (अंडर-21) के अंतर्गत 23 फरवरी को मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी का मुकाबला स्पोर्ट्स हॉस्टल, भुवनेश्वर की टीम से दोपहर बाद 03ः15 बजे से प्रारंभ होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स