प्रन्यास विकास संस्थान ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बांटे ट्रैकसूट

अब जरूरतमंदों की मदद करेगी प्रन्यास-मृणाल खेल अकादमी

खेलपथ संवाद

मेदिनीनगर। प्रन्यास विकास संस्थान नई दिल्ली के युवा निदेशक राहुल कुमार शर्मा और अंशुमन अमरेश ने मंगलवार को मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज के क्रीड़ांगन में प्रतिभाशाली बालक-बालिका खिलाड़ियों को ट्रैकसूट वितरित किए। इस अवसर पर अनाथों और लाचारों की मदद को प्रन्यास-मृणाल खेल अकादमी की स्थापना भी की गई। इस अवसर पर प्रन्यास विकास संस्थान के अवैतनिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) अमरेश कुमार भी उपस्थित रहे।

प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के ट्रैकसूट वितरण कार्यक्रम में पलामू जिला ओलम्पिक संघ और पलामू जिला एथलेटिक संघ के सचिव संजय कुमार त्रिपाठी के साथ ही अन्य जिला खेल संघों के अधिकारी अजात शत्रु, कमला दुबे, रमेश कुमार, अशोक सिन्हा, सुषमा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन करने वाली इशिता आर्य ने बताया कि मृणाल अमरेश जिनका शादी से पूर्व नाम मृणाल प्रसाद था। उनका जन्म चार अगस्त, 1961 को जानकी जीवन प्रसाद एवं भगवती प्रसाद के घर इंदिरा गांधी बाल सुधार विद्यालय हजारी बाग में हुआ था। मृणाल प्रसाद का विवाह प्रोफेसर अमरेश कुमार से 11 जुलाई, 1986 को हुआ था।

छह अक्टूबर, 2021 को अचानक हृदयगति रुक जाने से उनका वैशाली गाजियाबाद में निधन हो गया। वे मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, ग्वालियर, दिल्ली उच्च न्यायालय तथा सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली में अधिवक्ता थीं। बचपन से ही वह सामाजिक एवं आर्थिक रूप से गरीब बच्चों की मदद करने में रुचि रखती थीं, इसी वजह से उनकी यादों को जीवंत रखने के लिए प्रन्यास-मृणाल खेल अकादमी की स्थापना की गई है।

प्रन्यास विकास संस्थान के अवैतनिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) अमरेश कुमार का कहना है कि वह जीवन पर्यंत आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की मदद करते रहेंगे। हमारा उद्देश्य है कि पैसे के अभाव में किसी प्रतिभा को मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े। हर बच्चा अपने सपनों को साकार करे यही हमारी संस्था का मुख्य उद्देश्य है।     

 

रिलेटेड पोस्ट्स