खिलाड़ी बेटियों के उत्साह ने भरा कांग्रेस में जोश

राजधानी लखनऊ में लड़की हूं लड़ सकती हूं कह दौड़ी बेटियां
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
प्रशासन द्वारा मैराथन की जगह बदल देने के बावजूद आज राजधानी लखनऊ में बेटियों के अपार हुजूम ने कांग्रेस में जोश भर दिया। हजारों लड़कियों ने आज ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ महिला सशक्तीकरण नारे को लेकर कांग्रेस पार्टी की तरफ से आयोजित मैराथन दौड़ में जोश और जज्बे के साथ हिस्सा लेकर कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलकित कर दिया।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा था कि योगी आदित्यनाथ लड़कियों की उड़ान और आवाज के इतने ज्यादा विरोधी हैं कि उन्होंने लखनऊ में मैराथन की परमीशन कैंसल कर दी थी लेकिन लड़कियां सहेंगी नहीं। लड़कियां लड़ेंगी अपने हक के लिए, बदलाव के लिए। आज राजधानी में सुबह 8 बजे इकाना स्टेडियम शहीद पथ पर जमा हुए खिलाड़ी बेटियों के हुजूम ने काफी कुछ बयां कर दिया। उक्त मैराथन दौड़ में प्रतिभागी छात्राओं की तादाद काफी उत्साहवर्धक रही। हम कह सकते हैं कि यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में बेटियों का बुलंद हौसला निश्चित तौर पर प्रदेशभर की महिलाओं के सशक्तीकरण का सशक्त माध्यम बनेगा।
गौरतलब है कि महिला सशक्तीकरण की अलख जगाने के लिए कांग्रेस ने महिलाओं के लिए भारतीय राजनीति में पहली बार अलग से महिला घोषणा पत्र जारी किया है। जिसमें महिलाओं को समर्थ बनाने की पहल के तहत 40 प्रतिशत महिलाओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण और राजनीति में 40 प्रतिशत टिकट देने की बात कही है। इण्टर पास को स्मार्टफोन व स्नातक की छात्राओं को स्कूटी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का दस हजार रूपये वेतन बढ़ाना, फ्री बस सेवा जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं प्रदेश भर में कांग्रेस का उत्साह बढ़ा रही हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स