शारीरिक शिक्षक अंजली चौरसिया अटल खेलरत्न से सम्मानित

रविन्द्र भवन में हुआ विश्व ब्राह्मण समाज संघ का सम्मान समारोह

खेलपथ संवाद

 

भोपाल। खेल, कला, साहित्य, प्रशासनिक, सामाजिक, विधि, शिक्षा, पर्यावरण के क्षेत्रों में किए गए अतिविशिष्ट कार्यों के लिए विश्व ब्राह्मण समाज संघ द्वारा सोमवार को राजधानी के रविन्द्र भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में जवाहर नवोदय विद्यालय थांदला की शारीरिक शिक्षक अंजली चौरसिया को अटल खेलरत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस सम्मान से चुनिंदा 121 अन्य प्रतिभाएं भी सम्मानित की गईं।

विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित योगेन्द्र महंत ने बताया कि राष्ट्र गौरव भारत रत्न, जन-जन के नेता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से भोपाल में सोमवार को एक राष्ट्रीय स्तर का सम्मान समारोह आयोजित किया गया जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में अपना नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को गणमान्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री शिव चौबे द्वारा सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में विधान सभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की उपस्थिति विशेष रही।

पं. महंत एवं दिलीप यादव ने बताया कि कोरोना को लेकर शासन के सभी नियमों एवं गाइड लाइन का पालन किया गया। यह पुरस्कार समारोह उन प्रतिभाओं के लिए था, जिन्होंने खेल, कला, साहित्य, प्रशासनिक, पुलिस, चिकित्सा, सामाजिक, विधि, शिक्षा, पर्यावरण, सांस्कृतिक, कुटीर उद्योग, नवाचार के क्षेत्र में अतिविशिष्ट कार्य किए हैं। अंजली चौरसिया की जहां तक बात है, इनका खेल के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान है। यह स्वयं बेहतर खिलाड़ी होने के साथ ही आज शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में विशेष महारत रखती हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स