महिलाओं को सिखाए आत्मसुरक्षा के गुर

स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के प्रयासों को सराहा

खेलपथ संवाद

लखनऊ। गुरुवार 23 दिसम्बर को स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा, आईएमआरटी बिजनेस स्कूल, गोमती नगर लखनऊ में स्वात फ्रेंच, मार्शल आर्ट खेल विधाओं का प्रदर्शन किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं को आत्मसुरक्षा के गुर सिखाना रहा। इस अवसर पर अतिथियों ने स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।  

महिलाओं को हर मुकाबले से निपटने के लिए इस समय स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को एसोसिएशन के बैनर तले अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजय राणा, एशियन स्वात प्रतियोगिता के लिए चयनित भारतीय स्वात टीम में सम्मिलित दिव्यांशा तिवारी, स्निग्धा मालवीय, मंजरी दुबे द्वारा आईएमआरटी बिजनेस स्कूल, गोमती नगर में नारी शक्ति को आत्मसुरक्षा की जानकारी दी गई।  

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वात प्रतियोगिता के पदक विजेता कपिल खुराना, शैलेश मिश्रा, शैलेश कुमार जोकि उत्तर प्रदेश पुलिस टीम के खिलाड़ी भी हैं, के साथ ही पूर्व कार्यकारी निदेशक तथा अर्जुन अवार्डी रचना गोविल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इस खेल को बढ़ावा देने के लिए हरसम्भव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्वात एसोसिएशन के सचिव के.बी. पंत तथा कोषाध्यक्ष कमल जोशी ने आयोजकों और खिलाड़ियों को धन्यवाद दिया। नूपुर सिंह ने स्वात खेल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस कार्यक्रम के समापन पर आई.एम.आर.टी. बिजनेस स्कूल के चेयरमैन देशराज बंसल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिला आत्मरक्षा तथा सशक्तीकरण की तरफ मील का पत्थर साबित हो सकते हैं। ऐसे कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन हो इसके लिए आई.एम.आर.टी. बिजनेस स्कूल हमेशा सहयोग को प्रतिबद्ध है।

रिलेटेड पोस्ट्स