मनु को पछाड़कर 14 साल की नाम्या कपूर बनी जूनियर चैम्पियन

राही ने 25 मीटर पिस्टल में लगातार तीसरा खिताब जीता
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
मनु भाकर को पछाड़कर 14 साल की शूटर नाम्या कपूर नई जूनियर चैम्पियन बन गई है। एशियाई खेलों की चैम्पियन राही सरनोबत ने 64वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का खिताब जीता। महाराष्ट्र की राही डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 37 का स्कोर कर चैम्पियन बनीं। राही का यह लगातार तीसरा राष्ट्रीय खिताब है। हाल ही में जूनियर विश्व चैम्पियन बनी दिल्ली की 14 वर्षीय नाम्या कपूर (31) ने रजत पदक जीता। यूथ ओलम्पिक खेलों और दस मीटर एयर पिस्टल की राष्ट्रीय चैम्पियन हरियाणा की मनु भाकर (27) के खाते में कांस्य पदक आया।
नाम्या 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के जूनियर वर्ग में 19 साल की मनु भाकर को शूटऑफ में 5-4 से हराकर चैम्पियन बनीं। ईशा सिंह ने कांस्य पदक जीता। नाम्या ने अक्टूबर में पेरू के लीमा में आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में भाकर को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता था। भाकर को तब कांसे से संतोष करना पड़ा था। नाम्या शीर्ष अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज हैं।
भोपाल में ओडिशा की श्रीयांका सादंगी महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में चैम्पियन बनीं। सारंगी (454.9) ने मध्य प्रदेश की मानसी कठैत (453.5) को पछाड़कर अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीता। पश्चिम बंगाल की आयुषी पोद्दार (440.9) ने कांसा जीता। इसी स्पर्धा के जूनियर वर्ग में हरियाणा की निश्छल (452.9) ने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ पीला तमगा जीता। मध्य प्रदेश की आशी चौकसे (450.9) ने रजत और पंजाब की सिफ्त कौर समरा (440.7) ने कांस्य पदक जीता।

रिलेटेड पोस्ट्स