टोक्यो में भारत के ये लाल ठोकेंगे ताल

मध्य प्रदेश के दो शूटर भी शामिल

खेलपथ प्रतिनिधि

नई दिल्ली। भारत ने अगले साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक के कोटे में इजाफा करते हुए इसकी संख्या 41 तक पहुंचा दी है। इसके साथ ही 74 भारतीय खिलाड़ियों ने खेलों के महाकुंभ के लिए अपनी सीट पक्की कर ली है। फरवरी तक भारत ने 31 कोटे हासिल किए थे, लेकिन नौ भारतीय मुक्केबाजों और भाला फेंक खिलाड़ी शिवपाल सिंह ने अपने-अपने वर्गों में ओलम्पिक कोटा हासिल कर इस संख्या को बढ़ा दिया।

भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम और कुछ टीम गेम में क्वालीफाई करने के कारण 74 खिलाड़ी तो कम से कम टोक्यो ओलम्पिक में जाएंगे ही। इसमें 42 पुरुष और 32 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इन खेलों का आयोजन कोरोना संक्रमण के चलते अगले साल होने की सम्भावना है। 2016 में हुए रियो ओलम्पिक में 117 भारतीय खिलाड़ियों ने 15 अलग-अलग खेलों में शिरकत की थी।

टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारत को तीरंदाजी (04), एथलेटिक्स (06), कुश्ती (04), घुड़सवारी (01), हॉकी (02), मुक्केबाजी (09) और निशानेबाजी (15) में कोटे मिले हैं। हालांकि जिन खेलों में खिलाड़ियों ने कोटे देश को दिलाए हैं, उनके टोक्यो जाने या नहीं जाने पर फैसला भारतीय महासंघों को करना है। घुड़सवारी में फवाद मिर्जा ने कोटा दिलाया, जबकि हॉकी में पुरुष और महिला दोनों टीमें यह हासिल कर चुकी हैं।

एथलेटिक्स : पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदल चाल में इरफान थोडी, पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में अविनाश साबले, पुरुषों के भाला फेंक में नीरज चोपड़ा और शिवपाल सिंह, महिलाओं की 20 किलोमीटर पैदलचाल में भावना जाट, चार गुणा 400 मीटर रिले टीम में मोहम्मद अनस, वीके विस्मया, जिस्ना मैथ्यू और निर्मल नोह की चौकड़ी ने कोटा दिलाया।

निशानेबाजी : पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में दिव्यांश सिंह पंवार और दीपक कुमार, पुरुषों की 50 मीटर राइफल-थ्री पोजीशन में संजीव राजपूत और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पुरुषों के 10 मीटर एयर पिस्टल में सौरभ चौधरी और अभिषेक वर्मा, पुरुषों के स्कीट में अंगद वीर सिंह बाजवा और मैराज अहमद खान ने कोटा दिलाया है वहीं, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में अंजुम मोदगिल और अपूर्वी चंदेला, महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर और यशस्विनी सिंह देसवाल, महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में राही सरनोबत और चिंकी यादव, महिलाओं की 50 मीटर राइफल-थ्री पोजीशन में तेजस्विनी सावंत कोटा दिला चुकी हैं।

कुश्ती : पुरुषों में रवि कुमार (57 किग्रा), बजरंग पूनिया (65 किग्रा), दीपक पूनिया (86 किग्रा) ने देश को कोटा दिलाया है, जबकि विनेश फोगाट (53 किग्रा) ने महिलाओं में यह कोटा दिलाया।

मुक्केबाजी : मनीष कौशिक (63 किग्रा), विकास कृष्णन (69 किग्रा), एमसी मेरी कॉम (51 किग्रा), सिमरनजीत कौर (60 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (69 किग्रा), पूजा रानी (75 किग्रा), अमित पंघाल (52 किग्रा), आशीष कुमार (75 किग्रा) और सतीश कुमार (91 किग्रा से अधिक) कोटा हासिल किया है।

शिवपाल ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया

भारत के भाला फेंक खिलाड़ी शिवपाल सिंह ने एक प्रतियोगिता के दौरान टोक्यो ओलंपिक का क्वालीफाइंग स्तर हासिल करके अपने पहले ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया। स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के बाद 24 साल के शिवपाल टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले भारत के दूसरे भाला फेंक खिलाड़ी हैं। शिवपाल ने मैकआर्थर स्टेडियम में एसीएनडब्ल्यू प्रतियोगिता के दौरान अपने पांचवें प्रयास में 85.47 मीटर के स्तर के साथ स्वर्ण पदक जीता और ओलंपिक के लिए जगह बनाई। ओलंपिक का क्वालीफाइंग स्तर 85 मीटर है। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने ट्वीट किया, 'शिवपाल सिंह ने दक्षिण अफ्रीका में पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में 85.47 मीटर के प्रयास के साथ टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।' एक अन्य भारतीय अक्षदीप सिंह 75 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

स्पर्धा में चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चोपड़ा ने यहां जनवरी में एसीएनडब्ल्यू लीग में ही 87.86 मीटर के प्रयास के साथ टोक्यो ओलम्पिक में जगह बनाई थी। चोपड़ा और शिवपाल दोनों यहां ट्रेनिंग कर रहे हैं। शिवपाल का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 86.23 मीटर है जो उन्होंने पिछले साल दोहा में एशियाई चैंपियशिप में रजत पदक जीतने के दौरान बनाया था। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनु रानी ने भी महिला भाला फेंक में साल की अपनी पहली स्पर्धा में 61.15 मीटर के प्रयास से स्वर्ण पदक जीता। हालांकि उनका यह प्रयास 64 मीटर के टोक्यो ओलंपिक के क्वालीफाइंग स्तर से काफी कम रहा।

रिलेटेड पोस्ट्स