वीर भोग्या वसुन्धरा, राजा रामचन्द्र की जय

नीरज चोपड़ा और पीवी सिंधू ने बढ़ाया सेना का हौसला
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़। भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा और स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए भारतीय सेना को पूरा समर्थन दिया है। ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाले चोपड़ा ने एक्स पर पोस्ट किया कि हमें अपने बहादुर भारतीय सशस्त्र बलों पर गर्व है जो आतंकवाद के खिलाफ हमारे देश के लिए लड़ रहे हैं। आइए अपनी भूमिका निभाएं और इस दौरान सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देशों का पालन करें। जय हिंद, जय भारत, जय हिंद की सेना
नीरज ने सेना की बहादुरी की तारीफ करते हुए देशवासियों से भी एक अपील की है। उन्होंने कहा कि वे इन मुश्किल हालात में जिम्मेदारी से व्यवहार करें और पैनिक ना हों। पूरा देश अपनी सेना के साथ है… वीर भोग्या वसुन्धरा, राजा रामचन्द्र की जय। बता दें कि इसका अर्थ है कि वीर लोग ही धरती का भोग कर सकते हैं। राजा रामचंद्र की जय हो।
वहीं, ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधू ने पोस्ट किया कि भारतीय सशस्त्र बलों के बहादुर पुरुषों और महिलाओं के लिए- आपका साहस, अनुशासन और बलिदान हमारे राष्ट्र की आत्मा है। ऑपरेशन सिंदूर जैसे क्षणों में, हमें उस मौन शक्ति और निस्वार्थ सेवा की याद आती है जो हमारे तिरंगे को ऊंचा रखती है। भारत आपके साथ खड़ा है। जय हिंद।
गौरतलब है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के ठिकाने भी शामिल थे। युद्ध जारी है, भारतीय जांबाज सैनिक दुश्मन का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।