पहलवान मनीषा भानवाला ने लगाया स्वर्णिम दांव

एशियाई चैम्पियनशिप में अंतिम पंघाल ने जीता कांस्य पदक
खेलपथ संवाद
अम्मान (जॉर्डन)। अनुभवी भारतीय पहलवान मनीषा भानवाला ने शुक्रवार को यहां एशियाई चैम्पियनशिप में 2021 के बाद भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया जबकि अंतिम पंघाल को कांस्य से संतोष करना पड़ा। मनीषा ने महिलाओं की 62 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में कोरिया की ओक जे किम को 8 . 7 से मात दी।
इससे पहले मनीषा ने कजाखस्तान की टाइनिस डुबेक पर तकनीकी श्रेष्ठता से आसान जीत के साथ शुरुआत की और कोरिया की हनबिट ली को चित्त करके एक और शानदार जीत हासिल की। मनीषा ने सेमीफाइनल में कलमीरा बिलिमबेक काजी के खिलाफ भी दबदबा बनाते हुए केवल एक अंक गंवाते हुए 5-1 से जीत दर्ज की। भारत को 2021 में अलमाटी में हुई चैम्पियनशिप में विनेश फोगाट और सरिता मोर ने पीला तमगा दिलाया था। वहीं पेरिस ओलंपिक में निराशाजनक अभियान के बाद 20 साल की अंतिम अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेल रही थीं। उन्होंने 53 किलोग्राम के क्वार्टर फाइनल में चीन की जिन झांग को शिकस्त दी लेकिन जापान की मो कियूका के की चुनौती का सामना करने में नाकाम रही। जापान की पहलवान ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीत हासिल की।
कांस्य पदक के प्लेआफ में उन्होंने ताइपै की मेंग एच सियेह को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया। नेहा शर्मा (57 किलोग्राम), मोनिका (65 किलोग्राम) और ज्योति बेरीवाल (72 किलोग्राम) पदक दौर तक नहीं पहुंच सकीं। भारत ने अब तक टूर्नामेंट ग्रीको रोमन में दो पदक समेत एक स्वर्ण, एक रजत और छह कांस्य जीते हैं। पुरुषों की फ्रीस्टाइल प्रतियोगिता शनिवार से शुरू होगी।