हर नागरिक अपनी पसंद का एक घंटे खेल खेले

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ध्यानचंद को किया याद
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और दिग्गज हॉकी खिलाड़ी जफर इकबाल ने राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में दद्दा ध्यानचंद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। हॉकी जादूगर कहे जाने वाले ध्यानचंद के जन्म दिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
खेल मंत्री ने इस मौके पर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सही कहा है, जो खेलेगा वह खिलेगा। देश के नागरिकों को स्वस्थ और फिट रहना है, ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। स्वस्थ समाज ही राष्ट्र निर्माण में मदद करता है। हमें 2047 तक विकसित भारत बनाना है, जिसमें सभी नागरिक स्वस्थ हों। स्वस्थ रहने के लिए खेलना जरूरी है। हर किसी को अपनी पसंद का एक घंटे के लिए कोई न कोई खेल जरूर खेलना चाहिए। वह भी अपना पसंदीदा खेल फुटबाल खेलेंगे।
जफर बोले- हॉकी का कांस्य स्वर्ण की तरह
1980 के मास्को ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य जफर इकबाल ने कहा, पेरिस ओलंपिक में भारतीय खिलाडिय़ों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन हमें खेलों में आगे आने के लिए और मेहनत करनी है। देश में खेल संस्कृति विकसित हो रही है, जो बड़ी बात है। उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में खिलाड़ी और अच्छा प्रदर्शन करेंगे। जफर इकबाल ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा, यह हमारे लिए स्वर्ण पदक की तरह है। इससे युवाओं को हॉकी खेलने की प्रेरणा मिलेगी। हालांकि टीम में पीआर श्रीजेश जैसा गोलकीपर अब नहीं है। हमें उनके जैसा गोलकीपर तैयार करना होगा।