जिमनास्ट दीपा करमाकर ने रचा इतिहास

एशियाई चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। ओलम्पियन भारतीय जिमनास्ट दीपा करमाकर ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। रियो ओलम्पिक 2016 में शामिल हो चुकीं दीपा ने महिला वॉल्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। यह पहली बार है जब किसी भारतीय जिमनास्ट ने इस चैम्पियन में पीला तमगा हासिल किया है।
30 वर्षीय दीपा ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन वॉल्ट फाइनल में 13.566 का औसत स्कोर बनाया। उत्तर कोरिया की किम सोन हयांग (13.466) और जो क्योंग ब्योल (12.966) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। रियो ओलम्पिक 2016 में वॉल्ट फाइनल में चौथे स्थान पर रही दीपा ने 2015 चरण में इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। आशीष कुमार ने 2015 एशियाई चैम्पियनशिप में व्यक्तिगत फ्लोर एक्सरसाइज में कांस्य पदक जीता था। प्रणति नायक ने भी 2019 और 2022 चरण में वॉल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था। डोपिंग उल्लंघन के कारण 21 महीने के निलम्बन के बाद पिछले साल वापसी करने वाली दीपा आगामी पेरिस ओलम्पिक की दौड़ से बाहर हैं।